-बियर की एक्सपायरी डेट बढ़ाने की तैयारी भोपाल (ईएमएस)। प्रदेश में बियर की कमी के बीच आबकारी विभाग ने बड़ा फैसला लेने की तैयारी शुरू कर दी है। सोम कंपनी की जब्त की गई करीब 20 करोड़ रुपए कीमत की बियर को बाजार में बेचने की योजना बनाई जा रही है। बताया जा रहा है कि गोदामों में रखी लाखों बियर की पेटियां जल्द एक्सपायर होने वाली हैं, ऐसे में सरकार उनकी एक्सपायरी अवधि बढ़ाने पर विचार कर रही है। जानकारी के अनुसार प्रदेश में रोजाना करीब एक लाख बियर पेटियों की खपत हो रही है, जबकि सप्लाई लगातार प्रभावित बनी हुई है। इसी कारण विभाग ने स्टॉक में रखी बियर को नुकसान से बचाने और बाजार में उपलब्धता बढ़ाने के लिए यह कदम उठाया है। अधिकारियों का कहना है कि यदि एक्सपायरी अवधि बढ़ाने को मंजूरी मिलती है तो इससे सरकार को करीब 20 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हो सकता है। दिल्ली, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ जैसे कई राज्यों में पहले से ही बियर की एक्सपायरी अवधि 9 से 12 महीने तक तय है। अब मध्यप्रदेश में भी इसे 6 महीने से बढ़ाकर 9 महीने करने की तैयारी चल रही है। विभाग का मानना है कि इससे बाजार में सप्लाई सुधरेगी और प्रीमियम ब्रांड की उपलब्धता भी बढ़ेगी। नंदिनी परसाई/23 मई 2026