* देशभर के 47 स्थानों पर आयोजित 19वें रोजगार मेले में विभिन्न मंत्रालयों में चयनित अभ्यर्थियों को मिली नियुक्तियां * अहमदाबाद में भी 115 युवाओं को मिला अवसर; सरकार ने पारदर्शी और तेज भर्ती प्रक्रिया पर दिया जोर अहमदाबाद (ईएमएस)| प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 23 मई, 2026 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 19वें रोजगार मेले के अंतर्गत देशभर में 51,000 से अधिक नवनियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। प्रधानमंत्री ने नव नियुक्त कर्मियों को संबोधित करते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में अब पारदर्शिता आई है तथा सभी चयन मेरिट के आधार पर किए जा रहे हैं। साथ ही नियुक्ति प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक तेज एवं सुगम हुई है। 19वां रोजगार मेला देशभर के 47 स्थानों पर आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न 19 विभागों से चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग सहित केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों एवं विभागों में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्तियां प्रदान की गईं। रोजगार मेला अभियान प्रारंभ होने के बाद से अब तक देशभर में आयोजित विभिन्न रोजगार मेलों के माध्यम से लगभग 12.50 लाख नियुक्ति पत्र वितरित किए जा चुके हैं। अहमदाबाद में आयोजित रोजगार मेले में मुख्य अतिथि, युवा मामले एवं खेल राज्यमंत्री, भारत सरकार, रक्षा निखिल खडसे ने अपने संबोधन में कहा कि आज गुजरात सहित देश के विभिन्न राज्यों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे पूर्व 18 रोजगार मेलों का सफल आयोजन किया जा चुका है, जिनके माध्यम से लगभग 12 लाख युवाओं को केंद्र सरकार द्वारा रोजगार के अवसर प्रदान किए गए हैं। आज भी इस रोजगार मेले के माध्यम से लगभग 51 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गुजरात को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और विकास मॉडल के लिए पूरे देश एवं विश्व में जाना जाता है। मुख्यमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने गुजरात के विकास मॉडल को विश्व के सामने प्रस्तुत किया। प्रधानमंत्री की सोच हमेशा से यह रही है कि देश का प्रत्येक युवा आगे बढ़े, हर क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करे और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाए। युवा ही देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और भारत आज विश्व का सबसे युवा देश है। युवाओं को सही दिशा प्रदान करने का कार्य केंद्र सरकार और विशेष रूप से प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में निरंतर किया जा रहा है। यह रोजगार मेला केवल नियुक्ति पत्र वितरित करने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि युवाओं में राष्ट्र सेवा की भावना जागृत करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। इस अवसर पर मण्डल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने बताया कि पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मण्डल पर रोजगार मेले का आयोजन किया गया, जिसके अंतर्गत कुल 115 नव चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इनमें 50 प्रतिशत से अधिक अभ्यर्थी रेलवे विभाग से संबंधित थे तथा 29 महिला अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। नियुक्त अभ्यर्थियों में रेलवे विभाग के 66, वित्तीय सेवा विभाग के 36, डाक विभाग के 09, आयकर विभाग के 02 तथा ईपीएफओ एवं एयरपोर्ट अथॉरिटी के एक-एक अभ्यर्थी शामिल हैं। अहमदाबाद में आयोजित रोजगार मेला कार्यक्रम में युवा मामले एवं खेल राज्यमंत्री, भारत सरकार रक्षा निखिल खडसे, श्रम, कौशल विकास एवं रोजगार तथा ग्रामीण विकास मंत्री, गुजरात सरकार कुंवरजी बावलिया, शहरी विकास एवं शहरी आवास राज्यमंत्री, गुजरात सरकार दर्शना वाघेला, सांसद अहमदाबाद पश्चिम दिनेश मकवाणा, सांसद (राज्यसभा) नरहरि अमीन, अहमदाबाद क्षेत्र के माननीय विधायकगण एवं मण्डल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश उपस्थित रहे। अतिथियों द्वारा नव नियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। सतीश/23 मई