- पत्नी को लेकर विवाद के बाद लापता हो गया था मृतक राजगढ़ (ईएमएस)l जिले के भोजपुर थाना क्षेत्र के लखोनी गांव में शनिवार सुबह एक युवक का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला। शव की पहचान लाल सिंह तंवर के रूप में हुई। परिवार का आरोप है कि लाल सिंह ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि विवाद के बाद उसकी हत्या कर शव को पेड़ पर लटका दिया गया। परिजनों के मुताबिक लाल सिंह शुक्रवार रात से घर से लापता था। परिवार और रिश्तेदार पूरी रात गांव और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश करते रहे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार सुबह गांव के बाहर सड़क किनारे एक पेड़ पर गमछे के फंदे से उसका शव लटका दिखाई दिया। ग्रामीणों ने तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची भोजपुर पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए खिलचीपुर अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। - पत्नी को लेकर हुआ था विवाद मृतक के छोटे भाई राकेश तंवर ने बताया कि लाल सिंह का गांव के ही एक रिश्तेदार से लंबे समय से विवाद चल रहा था और दोनों के बीच बोलचाल बंद थी। शुक्रवार को लाल सिंह की पत्नी मधुबाई अपनी बेटी को लेकर उसी रिश्तेदार के घर चली गई थी। जब लाल सिंह को यह बात पता चली तो उसने नाराजगी जताई और पत्नी से कहा कि वह उसकी बेटी को उसके दुश्मन के घर क्यों लेकर गई। राकेश के मुताबिक इसी बात को लेकर घर में विवाद हुआ और लाल सिंह ने पत्नी को थप्पड़ मार दिए। इसके बाद मधुबाई ने अपने मामा केशव और रायसिंह को घटना की जानकारी दी। आरोप है कि सूचना मिलने के बाद केशव और रायसिंह लखोनी गांव पहुंचे। जब मधुबाई उनके साथ जाने लगी तो लाल सिंह ने उसे रोकने की कोशिश की। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और विवाद बढ़ गया। राकेश का आरोप है कि दोनों लोगों ने लाल सिंह के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे राकेश को भी पीटा गया और उसकी मां गंगाबाई को गालियां दी गईं। विवाद के बाद लाल सिंह वहां से कहीं चला गया और फिर वापस नहीं लौटा। - राजगढ़/23/5/2026