क्षेत्रीय
23-May-2026
...


- केंद्रीय मंत्री ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान को किया संबोधित अशोकनगर (ईएमएस)। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री व स्थानीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शुक्रवार को अशोकनगर में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026 को संबोधित करते हुए भाजपा के वैचारिक संघर्ष, संगठनात्मक विस्तार और विकसित भारत 2047 के संकल्प पर विस्तार से बात की। अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने अशोकनगर और क्षेत्र के दिवंगत वरिष्ठ कार्यकर्ताओं एवं जनसंघ-भाजपा के संस्थापक स्तंभों को श्रद्धापूर्वक याद किया। उन्होंने स्वर्गीय चिम्मनलाल सड़ाना, लक्ष्मण आर्य, प्रकाश जैन दर्जी का स्मरण करते हुए कहा कि राष्ट्र समर्पित संगठन की स्थापना ऐसे ही महानुभावों ने अपने तप, त्याग और समर्पण से की थी। सिंधिया ने अपनी आजीअम्मा राजमाता विजयाराजे सिंधिया को भी स्मरण करते हुए कहा कि अशोकनगर के संस्थापकों और संगठन की नींव रखने वाले कार्यकर्ताओं को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि भाजपा आज जिस विराट स्वरूप में खड़ी है, वह वर्षों की वैचारिक तपस्या, संघर्ष और संगठनात्मक सिंचाई का परिणाम है। 2 सीटों से 22 राज्यों तक भाजपा ने फहराया भाजपा का ध्वज केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कभी दो सीटों से शुरू हुई भाजपा आज 22 राज्यों में अपना परचम लहरा रही है और विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक राजनीतिक व्यवस्था के रूप में उभरकर सामने आई है। उन्होंने कहा कि आज विश्व को संदेश मिल रहा है कि भारत राजनीतिक स्थिरता, विकास और निर्णायक नेतृत्व के नए युग में प्रवेश कर चुका है। भाजपा को एक विशाल वटवृक्ष के रूप में खड़ा करने का कार्य विचार और संगठन के आधार पर हुआ है। प्रशिक्षण शिविर सामान्य कार्यकर्ता को राष्ट्रनिर्माण का वाहक बनाते हैं: सिंधिया ने कहा कि प्रशिक्षण शिविर केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं होते, बल्कि आने वाले समय के कार्यकर्ताओं को गढ़ने का माध्यम होते हैं। उन्होंने कहा कि यह समझना आवश्यक है कि हम कहां से आए हैं और विकसित भारत 2047 के लक्ष्य तक देश को कैसे पहुंचाना है। गरीब कल्याण योजनाओं का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर साधा निशाना सिंधिया ने कहा कि आज 80 करोड़ गरीबों तक नि:शुल्क राशन सीधे पहुंच रहा है, जबकि एक समय ऐसा था जब राशन गरीबों के घर नहीं बल्कि नेताओं के गोदामों तक पहुंचता था। उन्होंने कहा कि 65 वर्षों में जहां केवल 3 करोड़ आवास बने, वहीं पिछले 12 वर्षों में 4 करोड़ घर बनाकर गरीबों को सम्मानजनक जीवन देने का कार्य किया गया है। भाजपा का लक्ष्य है कि 2029 तक देश में कोई भी गरीब बिना छत के न रहे। उन्होंने जल जीवन मिशन के अंतर्गत 15.8 करोड़ घरों तक नल और जल पहुंचाने, उज्ज्वला योजना के तहत 11 करोड़ महिलाओं को लाभ, पीएम किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों को सीधे सहायता, आयुष्मान भारत योजना के तहत 62 करोड़ पंजीकरण का भी किया। - ईएमएस / 23/05/2026