क्षेत्रीय
23-May-2026
...


नारायणगंज (ईएमएस)। शासकीय सांदीपनी विद्यालय नारायणगंज में संचालित वोकेशनल शिक्षा के अंतर्गत हेल्थ केयर एवं आईटी ट्रेड के विद्यार्थियों का 21 दिवसीय OJT (ऑन जॉब ट्रेनिंग) कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों को वास्तविक कार्यक्षेत्र के वातावरण से परिचित कराना एवं व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना रहा। हेल्थ केयर ट्रेड के विद्यार्थियों ने बीएमओ डॉ. कोल के मार्गदर्शन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज के विभिन्न विभागों में प्रशिक्षण प्राप्त किया। व्यवसायिक प्रशिक्षक रुचि प्रदा संत की देखरेख में छात्रों ने जनरल वार्ड, इंजेक्शन कक्ष, आई विभाग, पैथोलॉजी लैब, दवा वितरण कक्ष, मलेरिया विभाग, ड्रेसिंग वार्ड, एक्स-रे, ईपीडी एवं ओपीडी विभागों में कार्य करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली को करीब से समझा। वहीं आईटी ट्रेड के विद्यार्थियों का प्रशिक्षण बीईओ कार्यालय नारायणगंज, एसए अंसारी ऑनलाइन एवं ईशा इंस्टीट्यूट ऑफ कम्प्यूटर एजुकेशन में संपन्न हुआ। बीईओ कार्यालय में विद्यार्थियों ने बीईओ राजेश कुमार विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में ऑनलाइन डाटा एंट्री एवं कार्यालयीन फाइल व्यवस्था का प्रशिक्षण लिया। एसए अंसारी ऑनलाइन शॉप में शौकत अली के निर्देशन में प्रिंट आउट, डाटा एंट्री, लेमिनेशन एवं ऑनलाइन ग्राहक सेवाओं का अनुभव प्राप्त किया। इसके अलावा ईशा इंस्टीट्यूट ऑफ कम्प्यूटर एजुकेशन में उदय यादव, अंजली मैम एवं आयुषी मैम के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों को सीपीसीटी, हिंदी टाइपिंग एवं एक्सेल कार्य का प्रशिक्षण दिया गया। आईटी ट्रेड का प्रशिक्षण व्यवसायिक प्रशिक्षक श हेमंत पटेल की देखरेख में संपन्न हुआ। यह संपूर्ण कार्यक्रम शासकीय सांदीपनी विद्यालय नारायणगंज की प्राचार्य अर्चना नेमा की अध्यक्षता एवं संगीता गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों को रोजगारोन्मुखी शिक्षा के लिए महत्वपूर्ण बताया। ईएमएस/मोहने/ 23 मई 2026