रायपुर (ईएमएस)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज और पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव के बीच छिड़ी जुबानी जंग पर तीखा कटाक्ष किया है। डॉ. मार्कण्डेय ने कहा कि छत्तीसगढ़ कांग्रेस में इस समय वरिष्ठ नेताओं के अपमान और यूज़ एंड थ्रो का घिनौना खेल चल रहा है। युवा नेतृत्व का ढोंग रचकर कांग्रेस अपने ही बुजुर्ग नेताओं को दरकिनार और जलील कर रही है। भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. मार्कण्डेय ने तंज कसते हुए कहा कि जितनी उम्र आज कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बैज की है, उससे कहीं ज्यादा उम्र का राजनीतिक और सामाजिक अनुभव पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव के पास है। लेकिन सत्ता और अहंकार के नशे में चूर कांग्रेस की नई पौध अपने ही दिग्गजों को हाशिए पर धकेलने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। यह विवाद साफ करता है कि कांग्रेस में अब बुजुर्ग नेताओं का दौर और सम्मान पूरी तरह खत्म हो रहा है। डॉ. मार्कण्डेय ने कहा कि यह कोई पहली बार नहीं है जब कांग्रेस ने अपने वरिष्ठ नेताओं की पीठ में छुरा घोंपा हो। कांग्रेस का यह पुराना इतिहास रहा है कि जब तक नेताओं की जरूरत होती है, उनका इस्तेमाल किया जाता है, और काम निकल जाने के बाद उन्हें दूध में से मक्खी की तरह बाहर फेंक दिया जाता है। सिंहदेव के साथ ढाई-ढाई साल के मुख्यमंत्री पद के वादे से लेकर आज तक जो कुछ भी हुआ, वह कांग्रेस की इसी कूटनीति का हिस्सा है। डॉ. मार्कण्डेय ने कहा कि कांग्रेस के नेता आपस में ही कुर्सी और वर्चस्व की लड़ाई में मशगूल हैं। कांग्रेस नेताओं को प्रदेश की जनता और विकास से कोई सरोकार नहीं है, वे सिर्फ अपनी ढहती सल्तनत को बचाने के लिए आपस में सिर-फुटौवल कर रहे हैं।डॉ. मार्कण्डेय ने कहा कि जिस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व उपमुख्यमंत्री सरेआम एक-दूसरे के वजूद पर सवाल खड़े कर रहे हों, उस पार्टी का भविष्य अंधकारमय है। कांग्रेस के भीतर छिड़ी यह जुबानी जंग इस बात का स्पष्ट संकेत है कि कांग्रेस अब पूरी तरह बिखर चुकी है और पतन की ओर अग्रसर है। - (ईएमएस) 23 मई 2026