क्षेत्रीय
23-May-2026


उल्हासनगर, (ईएमएस)। उल्हासनगर में पुरानी कहासुनी को लेकर दो युवकों पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। उल्हासनगर पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर के अनुसार 23 मई की देर रात करीब 3.31 बजे तीन से चार अज्ञात आरोपियों ने एक युवक और उसके रिश्तेदार को रोककर उसके साथ मारपीट की। जानकारी के अनुसार मुरबाड रोड, कल्याण रहने वाले पीड़ित अजित माधवसिंह राजपूत (32 वर्ष) ने पुलिस को बताया कि उन्हें और उनके रिश्तेदार सचिन वर्मा को आरोपियों ने पुरानी बातचीत और विवाद का गुस्सा मन में रखते हुए पहले गाली-गलौज की और फिर लात-घूंसों से हमला कर दिया। इसके बाद एक आरोपी ने उन दोनों को लोहे की रॉड से उनके दोनों हाथों, पीठ और बाएं पैर पर वार किए। जब उन्होंने बचने की कोशिश की तो उसके हाथों की उंगलियों पर भी रॉड से हमला किया गया, जिससे वह घायल हो गया। हमले के दौरान आरोपियों ने उनका मोबाइल फोन का भी नुकसान पहुंचाया। इस मामले में उल्हासनगर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। मामले की जांच पुलिस हवलदार एन. जी. माने कर रहे हैं। संतोष झा- २३ मई/२०२६/ईएमएस