राज्य
23-May-2026
...


:: गायन प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मौका; विजेताओं पर होगी एक लाख के पुरस्कारों की बौछार, टी-सीरीज में मिलेगी लॉन्चिंग :: इंदौर (ईएमएस)। देशभर के उभरते और नवोदित गायक कलाकारों को अपनी सुरीली आवाज का जादू बिखरने के लिए इंदौर में एक बड़ा और प्रतिष्ठित मंच मिलने जा रहा है। ‘संगीत सेवा सहारा’ संस्था द्वारा शहर में ‘केकेसी टैलेंट शो’ के सीजन-1 का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता के पहले राउंड के ऑडिशन आगामी 30 और 31 मई को आयोजित किए जाएंगे। खास बात यह है कि सुरों की इस जंग के लिए उसी ऐतिहासिक क्रिश्चियन कॉलेज परिसर (नसिया रोड, सरवटे बस स्टैंड के पास) को चुना गया है, जो भारतीय संगीत जगत के महान गायक स्वर्गीय किशोर कुमार की शिक्षा स्थली रहा है। आयोजक दीपक पाठक ने बताया कि देश के कोने-कोने में छुपी हुई गायन प्रतिभाओं को तराशने और उन्हें सही मुकाम तक पहुंचाने के उद्देश्य से इस पूरे टैलेंट शो को तैयार किया गया है। यह प्रतियोगिता कुल चार राउंड में संपन्न होगी और ये चारों ही राउंड इंदौर में आयोजित किए जाएंगे। इस शो की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें शामिल होने के लिए उम्र का कोई बंधन नहीं रखा गया है। किसी भी आयु वर्ग के गायक कलाकार इसमें अपना रजिस्ट्रेशन करवाकर सुरों के इस सफर का हिस्सा बन सकते हैं। ऑडिशन का समय सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक नियत किया गया है। :: एक अंतरा और एक मुखड़ा सुनकर होगा अगले राउंड का चयन :: ऑडिशन की चयन प्रक्रिया को बेहद पारदर्शी और पेशेवर रखा गया है। मंच पर आने वाले प्रत्येक कलाकार को अपनी पसंद का कोई भी एक मुखड़ा और एक अंतरा गाकर वहां मौजूद अनुभवी निर्णायक मंडल को सुनाना होगा। जूरी द्वारा दिए गए अंकों और उनके तकनीकी निर्णय के आधार पर ही कलाकारों का चयन अगले राउंड के लिए किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल द्वारा दिया गया फैसला ही अंतिम और सर्वमान्य होगा। :: 14 जून को ग्रैंड फिनाले, सुरों के विजेताओं को मिलेंगे ये बड़े इनाम :: चार कड़े मुकाबलों से गुजरने के बाद इस टैलेंट शो का ग्रैंड फिनाले 14 जून को आयोजित किया जाएगा। फाइनल के विजेताओं को कुल 1,00,000 (एक लाख) रुपये के नकद पुरस्कारों के साथ देश के सबसे बड़े म्यूजिक लेबल्स के साथ काम करने का ऐतिहासिक अवसर मिलेगा। इसमें प्रथम विजेता को 51,000 रुपये की नकद राशि के साथ प्रतिष्ठित म्यूजिक कंपनी टी-सीरीज (T-Series) में लॉन्चिंग का सुनहरा अवसर दिया जाएगा। इसी तरह द्वितीय विजेता को 25,000 रुपये का नकद पुरस्कार और तृतीय विजेता को 11,000 रुपये की नकद राशि के साथ रेड रिबन चैनल में लॉन्चिंग का मौका मिलेगा। इसके साथ ही प्रथम और द्वितीय रनरअप को क्रमशः 8,000 रुपये और 5,000 रुपये का सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक कलाकार और आमजन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया तथा अन्य विस्तृत नियमों की जानकारी के लिए संस्था के मोबाइल नंबर 9926561316 पर संपर्क स्थापित कर सकते हैं। प्रकाश/23 मई 2026