:: उच्च स्तरीय समिति ने जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्धजनों से की चर्चा, वेबसाइट भी हुई शुरू :: इंदौर (ईएमएस)। मध्यप्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने की दिशा में कदम तेजी से आगे बढ़ने लगे हैं। राज्य शासन द्वारा गठित उच्च स्तरीय अध्ययन एवं परीक्षण समिति ने शनिवार को इंदौर के जाल सभागृह में एक महत्वपूर्ण जन परामर्श बैठक की। इस बैठक में शहर के जनप्रतिनिधियों, विधिक विशेषज्ञों, शिक्षाविदों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लेकर समान नागरिक संहिता से जुड़े सामाजिक, विधिक और प्रशासनिक पहलुओं पर अपने महत्वपूर्ण सुझाव सौंपे। बैठक की अध्यक्षता समिति के सदस्य और सेवानिवृत्त आईएएस शत्रुघन सिंह ने की। इस दौरान उन्होंने समिति के गठन के उद्देश्यों को रेखांकित करते हुए बताया कि यह उच्च स्तरीय समिति विवाह, भरण-पोषण, तलाक, उत्तराधिकार और अन्य पारिवारिक कानूनों का विस्तृत अध्ययन कर रही है। समिति का प्रयास है कि समाज के हर वर्ग की सहभागिता से एक व्यावहारिक अनुशंसा तैयार की जाए। इसके लिए समिति प्रदेश के विभिन्न जिलों का दौरा कर नागरिकों से सीधा संवाद कर रही है। :: भोपाल से हुआ वेबसाइट का विमोचन, ऑनलाइन दर्ज होंगे विचार :: बैठक में जानकारी दी गई कि इस पूरी प्रक्रिया में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को भोपाल स्थित मंत्रालय से समान नागरिक संहिता मध्यप्रदेश की विशेष वेबसाइट (ucc.mp.gov.in) का विमोचन किया है। प्रदेश का कोई भी नागरिक आगामी 15 जून 2026 तक इस पोर्टल पर जाकर अपने सुझाव ऑनलाइन दर्ज करा सकता है। वक्ताओं ने उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर राज्यों में इस दिशा में तेजी से कार्य शुरू हुआ है, जिससे नागरिकों के हितों की सुरक्षा के लिए एक समग्र कानूनी ढांचा तैयार किया जा सके। :: बैठक में ये रहे मौजूद :: विमर्श के इस दौर में समिति के सदस्य अनूप नायर (कानूनविद), गोपाल शर्मा (शिक्षाविद) और बुधपाल सिंह (सामाजिक कार्यकर्ता) विशेष रूप से उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों में महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक मधु वर्मा, मालिनी गौड़, श्रवण चावड़ा सहित पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता और गोपीकृष्ण नेमा ने भी अपने विचार साझा किए। प्रशासनिक स्तर पर कलेक्टर शिवम वर्मा और समिति के सचिव अजय कटेसरिया मौजूद थे, जिन्होंने आए हुए प्रबुद्धजनों और पत्रकारों के सुझावों को संकलित किया। प्रकाश/23 मई 2026