राज्य
23-May-2026


:: दो सत्रों में परीक्षा; पहली बार ऐप के जरिए होगा फेस ऑथेंटिकेशन, कड़े सुरक्षा घेरे में रहेंगे केंद्र :: इंदौर (ईएमएस)। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी), नई दिल्ली द्वारा आयोजित देश की सबसे प्रतिष्ठित ‘सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा-2026’ आज यानी 24 मई (रविवार) को आयोजित होने जा रही है। इंदौर केंद्र (क्रमांक-78) के अंतर्गत शहर के 27 परीक्षा उपकेंद्रों पर यह परीक्षा दो सत्रों में संपन्न होगी। पहला सत्र सुबह 09:30 बजे से 11:30 बजे तक और दूसरा सत्र दोपहर 02:30 बजे से 04:30 बजे तक रहेगा। इस बार इंदौर में कुल 12,104 परीक्षार्थी इस परीक्षा में भाग्य आजमा रहे हैं। प्रशासनिक स्तर पर परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए इंदौर संभागायुक्त को परीक्षा समन्वयक अधिकारी नियुक्त किया गया है। उनकी सहायता के लिए संयुक्त आयुक्त (लिटिगेशन) श्रीमती शैली कनाश को प्रभारी परीक्षा अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही संभागायुक्त कार्यालय में एक विशेष कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जहां से सभी 27 केंद्रों पर पैनी नजर रखी जाएगी। :: समय पर बंद हो जाएंगे दरवाजे, ई-प्रवेश पत्र और मूल आईडी जरूरी :: परीक्षा देने आ रहे अभ्यर्थियों के लिए प्रवेश की प्रक्रिया पेपर शुरू होने से डेढ़ घंटा पहले ही शुरू कर दी जाएगी। आयोग के कड़े नियमों के मुताबिक, पहले सत्र के लिए सुबह 9.00 बजे और दूसरे सत्र के लिए दोपहर 2.00 बजे परीक्षा केंद्र के मुख्य द्वार बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी भी स्थिति में प्रवेश नहीं मिलेगा। परीक्षार्थियों को केंद्र के अंदर केवल आयोग द्वारा जारी ई-प्रवेश पत्र, मूल पहचान पत्र (आईडी), पेन-पेंसिल और आवश्यक होने पर स्वयं के फोटोग्राफ ले जाने की ही अनुमति होगी। :: हाईटेक सुरक्षा : डिजिटल गैजेट्स पूरी तरह प्रतिबंधित, होगा फेस ऑथेंटिकेशन :: परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए इस बार सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए हैं। केंद्रों पर परीक्षार्थियों की बारीकी से जांच (फ्रिस्किंग) की जाएगी। इसके तुरंत बाद आयोग द्वारा विशेष ऐप के माध्यम से सभी अभ्यर्थियों का फेस ऑथेंटिकेशन (चेहरा प्रमाणीकरण) किया जाएगा, जिसके बाद ही परीक्षा कक्ष में प्रवेश मिल सकेगा। केंद्र के भीतर मोबाइल फोन, डिजिटल या स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ, कोई भी आईटी गैजेट्स, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, हैंड बैग और लाइटर/माचिस जैसी सामग्रियां ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। परीक्षार्थियों को सलाह दी गई है कि वे कोई भी कीमती सामान साथ न लाएं, क्योंकि इसे परीक्षा स्थल के बाहर रखने की जिम्मेदारी स्वयं उनकी होगी। प्रकाश/23 मई 2026