क्षेत्रीय
25-May-2026
...


- सदमे में पत्नी ने भी तोड़ा दम - तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में पराली जलाने के दौरान हो चुके कई हादसे हैदराबाद (ईएमएस)। तेलंगाना के जयशंकर भूपालपल्ली जिले में खेत में बची धान की पराली जलाने की कोशिश एक परिवार के लिए दर्दनाक त्रासदी बन गई। आग पर काबू पाने के प्रयास में एक किसान जिंदा जल गया, जबकि यह भयावह दृश्य देखकर उसकी पत्नी की तबीयत बिगड़ गई और बाद में अस्पताल में उसकी भी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, यह घटना रेगोंडा मंडल के रेपाकापल्ली गांव में हुई। 62 वर्षीय किसान सागरला चंद्रमौली अपनी पत्नी भाग्यम्मा (58) और बेटे भास्कर के साथ खेत में धान की कटाई के बाद बची पराली जलाने गए थे। इसी दौरान आग तेजी से फैलकर पड़ोसी खेत तक पहुंच गई। आग की तेज गर्मी और धुएं के कारण भाग्यम्मा की तबीयत खराब हो गई। इसके बाद चंद्रमौली और उनके बेटे ने उन्हें खेत के पास एक पेड़ के नीचे बैठा दिया। भास्कर घर से पीने का पानी लाने चला गया, जबकि चंद्रमौली फैलती आग को नियंत्रित करने के लिए आगे बढ़ गए। पुलिस ने बताया कि आग ने अचानक विकराल रूप ले लिया और चंद्रमौली उसकी चपेट में आ गए। मदद पहुंचने से पहले ही वे आग में बुरी तरह झुलस गए। उन्हें महादेवपुर सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।पति को आग में घिरा देखकर भाग्यम्मा को गहरा सदमा लगा और वह खेत के पास ही बेहोश होकर गिर पड़ीं। ग्रामीणों ने उन्हें तुरंत हनमकोंडा के अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सूखे मौसम और तेज गर्मी के कारण आग तेजी से फैली, जिससे यह हादसा हुआ। गौरतलब है कि हाल के दिनों में तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में पराली जलाने के दौरान आग लगने से किसानों की मौत की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। प्रशासन ने किसानों से खेतों में अवशेष जलाते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। रामयश/ईएमएस 25 मई 2026