क्षेत्रीय
25-May-2026
...


सरगुजा(ईएमएस)। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी उड़नदस्ता और पुलिस टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने गांजा सप्लाई में संलिप्त एक पति-पत्नी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लाखों रुपए मूल्य का गांजा बरामद किया है। यह कार्रवाई सीतापुर थाना क्षेत्र में की गई। जानकारी के अनुसार, आबकारी उड़नदस्ता टीम नियमित गश्त पर थी, तभी वंदना मेन रोड पर मैनपाट की ओर जाते समय जजगा पुलिया के पास एक महिला और पुरुष संदिग्ध अवस्था में खड़े दिखाई दिए। दोनों उड़ीसा नंबर की टीवीएस जूपिटर वाहन के साथ दो बोरियां लेकर मौजूद थे। संदेह होने पर जब टीम ने वाहन रोककर पूछताछ की तो दोनों घबरा गए। प्रारंभिक पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि बोरियों में गांजा रखा है। इसके बाद टीम ने दोनों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया। जांच में उनके कब्जे से लगभग 22.6 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत साढ़े चार लाख रुपए बताई जा रही है। आरोपियों की पहचान गांजा सप्लायर पति-पत्नी के रूप में हुई है, जो ओडिशा से तस्करी कर माल लाने का काम कर रहे थे। आबकारी विभाग ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)25 मई 2026