- कार में चल रहा था पूरा नेटवर्क रायपुर (ईएमएस)। राजधानी में आईपीएल क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी कार में बैठकर मोबाइल फोन और ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म के जरिए हार-जीत पर दांव लगवा रहे थे। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान नकदी, मोबाइल फोन और एक लग्जरी कार जब्त की है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सौरभ मुकीम निवासी पचपेड़ी नाका, करण पिंजानी निवासी महावीर नगर, शेख आसिफ निवासी चांदनी चौक और इमाम अहमद निवासी रामेश्वर नगर खमतराई के रूप में हुई है। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है। मामले में न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अमलीडीह शराब भट्ठी रोड स्थित अलौकिक धाम के पास खड़ी एक सफेद रंग की कार में कुछ लोग आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा चला रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और कार्रवाई करते हुए कार में मौजूद चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6 मोबाइल फोन, करीब 45 हजार रुपये नकद और लगभग 10 लाख रुपये कीमत की एक किया सेल्टोस कार जब्त की। मोबाइल फोन की जांच में कई ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म और एक्सचेंज एप्लिकेशन से जुड़े लिंक मिले हैं। जांच में पुलिस को मोबाइल फोन से व्हाट्सएप चैट, ऑनलाइन बेटिंग आईडी और पैसों के लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड भी मिले हैं। पुलिस ने डिजिटल साक्ष्यों के तौर पर इन जानकारियों के स्क्रीनशॉट लेकर उन्हें जब्त कर लिया है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कई ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए आईपीएल मैचों पर सट्टा संचालन कर रहे थे। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है और बेटिंग आईडी उपलब्ध कराने वाले लोगों की तलाश कर रही है। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 112 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं। - (ईएमएस) 25 मई 2026