हैदराबाद (ईएमएस)। सनराइजर्स हैदराद और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बीच हुए आईपीएल के अंतिम लीग मुकाबले में ट्रेविस हेड और विराट कोहली के बीच हाथ नहीं मिलाने को लेकर हुए विवाद के बाद जो हुआ उससे खेल की छवि को झटका लगा है। इस विवाद के बाद विराट के प्रशंसकों पर ट्रेविस हेड की पत्नी जेसिका को ट्रॉल करने का आरोप लगा है। इस विवाद के बाद, जहाँ कुछ ने विराट की खेल भावना पर सवाल उठाए तो कुछ ने उनका समर्थन किया, वहीं इसका सबसे शर्मनाक पक्ष ये रहा कि कि बिना किसी कारण के विराट के प्रशंसकों ने हेड की पत्नी जेसिका को ऑनलाइन उत्पीड़न का शिकार बनाया। जेसिका ने हाल ही में खुलासा किया है कि इस विवाद के कारण उसे निशाना बनाया गया है। साथ ही कहा कि बिना किसी कारण से उन्हें न केवल व्यक्तिगत रूप से नफरत भरे कमेंट्स और संदेश मिल रहे हैं, बल्कि उनके दोस्त और परिवार के सदस्य भी इन ऑनलाइन हमलों का निशाना बन रहे हैं। इस घटना से ये भी सवाल उठा है कि प्रशंसकों की सीमाएं क्या होनी चाहिये। यह पहली बार नहीं है जब जेसिका को इस तरह के खराब व्यवहार का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि इससे पहले उन्हें 2023 एकदिवसीय विश्वकप फाइनल के बाद भी ऑनलाइन उत्पीड़न झेलना पड़ा था। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि जब भी ऑस्ट्रेलिया ने भारत को महत्वपूर्ण मैचों में हराया है, चाहे वह विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल हो या 2024 का बॉक्सिंग डे टेस्ट, उन्हें इसी तरह की ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा है। जेसिका ने कहा कि वह और उनके पति तो इस सब का सामना कर लेते हैं पर जब जब उनके दोस्तों और परिवार को निशाना बनाया जाता है, तो इसे स्वीकार नहीं किया जा सकता है। विराट और ट्रेविस हेड के बीच यह विवाद आरसीबी और सनराइजर्स के आखिरी लीग मैच में शुरू हुआ था। आरसीबी के लक्ष्य का पीछा करने के दौरान कोहली और हेड के बीच जमकर बहस हुई थी। इस दौरान हेड ने कोहली को और अधिक आक्रामक शॉट्स खेलने की चुनौती दी थी। इस पर कोहली ने भी पलटवार करते हुए हेड से खुद गेंदबाजी करने को कहा। जब कोहली आउट हुए, तो हेड ने उन पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें गेंदबाजी करने का अवसर ही नहीं मिला, जो शायद कोहली को बिल्कुल पसंद नहीं आया। इसी घटना के बाद कोहली ने हेड से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया था। गिरजा/ ईएमएस 25मई 2026