रायपुर (ईएमएस)। देशभर में तेल कंपनियों ने एक बार फिर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। 25 मई को जारी नई दरों के अनुसार पेट्रोल 2.61 रुपये प्रति लीटर और डीजल 2.71 रुपये प्रति लीटर महंगा हो गया है। लगातार बढ़ रही कीमतों का सीधा असर आम उपभोक्ताओं और परिवहन व्यवस्था पर पड़ने लगा है। ताजा बढ़ोतरी के बाद छत्तीसगढ़ के कई जिलों में पेट्रोल की कीमत 109 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच गई है। राजधानी रायपुर में अब पेट्रोल 107.96 रुपये प्रति लीटर दर्ज किया गया है। हालांकि प्रदेश के अन्य जिलों की तुलना में रायपुर में कीमतें अपेक्षाकृत कम बनी हुई हैं, लेकिन नई वृद्धि ने यहां भी वाहन चालकों की चिंता बढ़ा दी है। प्रदेश के बस्तर और सरगुजा संभाग के जिलों में पेट्रोल की कीमत सबसे अधिक दर्ज की गई है। नारायणपुर में पेट्रोल 109.65 रुपये प्रति लीटर, जगदलपुर में 109.64 रुपये, दंतेवाड़ा में 109.60 रुपये और बीजापुर में 109.59 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। इसी तरह सरगुजा संभाग के जशपुर में पेट्रोल 109.52 रुपये, सूरजपुर में 109.39 रुपये और अंबिकापुर में 109.09 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। रायगढ़ जिले में भी पेट्रोल की कीमत 109.30 रुपये प्रति लीटर दर्ज की गई है। वहीं अन्य जिलों की बात करें तो दुर्ग में पेट्रोल 108.29 रुपये, धमतरी में 108.45 रुपये, महासमुंद में 108.64 रुपये और बिलासपुर में 108.65 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गया है। बताया जा रहा है कि मई महीने में यह चौथी बार है जब पेट्रोल-डीजल की कीमतों में इजाफा किया गया है। लगातार हो रही बढ़ोतरी का असर केवल वाहन चालकों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि माल ढुलाई, परिवहन और रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर भी इसका प्रभाव पड़ सकता है। डीजल की कीमत बढ़ने से ट्रांसपोर्ट लागत में वृद्धि होने की संभावना है, जिससे आने वाले दिनों में फल, सब्जियां, राशन और अन्य आवश्यक वस्तुएं महंगी हो सकती हैं। इसके अलावा खेती-किसानी से जुड़े कार्यों में भी अतिरिक्त लागत का असर देखने को मिल सकता है। लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों के बीच आम लोगों की नजर अब इस बात पर टिकी हुई है कि आने वाले दिनों में कीमतों में राहत मिलती है या फिर बढ़ोतरी का सिलसिला जारी रहता है। - (ईएमएस) 25 मई 2026