क्षेत्रीय
25-May-2026
...


- गंगा दशमी पर साइकिल, पदयात्रा और ई-वाहनों से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश राजगढ़ (ईएमएस)l सोमवार को गंगा दशमी के पावन अवसर पर जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत राजगढ़ जिला प्रशासन द्वारा पर्यावरण संरक्षण, जल स्रोतों की स्वच्छता एवं जीवाश्म ईंधन मुक्त आवागमन को बढ़ावा देने हेतु विशेष जागरूकता पदयात्रा एवं साइकिल रैली आयोजित की गई। कार्यक्रम में विधायक राजगढ़ अमर सिंह यादव, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले, प्रदेश महामंत्री महिला मोर्चा श्रीमती मोना सुस्तानी, अपर कलेक्टर प्रताप सिंह चौहान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के.एल. बंजारे, अनुविभागीय (राजस्व) अधिकारी श्रीमती निधि भारद्वाज, डिप्टी कलेक्टर डॉ. ज्योति राजोरे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस अभिनव आयोजन में अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने पेट्रोल-डीजल के न्यूनतम उपयोग और पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली को अपनाने का संदेश दिया। कुछ प्रतिभागी साइकिल पर, तो कई अधिकारी इलेक्ट्रिक वाहनों के माध्यम से यात्रा में शामिल हुए। विधायक राजगढ़ श्री यादव एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. गड़पाले ने स्वयं साइकिल चलाकर पूरे काफिले का नेतृत्व किया। कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पर्यावरण संरक्षण एवं वैकल्पिक ऊर्जा आधारित परिवहन को बढ़ावा देने के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। - नेवज नदी तट पर किया सामूहिक श्रमदान पारायण चौक से प्रारंभ हुई जागरूकता यात्रा नेवज नदी तट पर पहुंचकर श्रमदान के साथ संपन्न हुई। जिला प्रशासन के नेतृत्व में सभी अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं पत्रकारों ने नदी तट पर साफ-सफाई कर कचरा निष्पादन में सहयोग दिया तथा नदियों को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त रखने का संदेश दिया।कार्यक्रम के माध्यम से जल संरक्षण, स्वच्छता एवं जनभागीदारी का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करते हुए राजगढ़ जिला प्रशासन ने समाज को पर्यावरण संरक्षण हेतु सकारात्मक संदेश दिया। साथ ही कार्यक्रम के अंत में सभी को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई। - निखिल/राजगढ़ / 25/5/2026