- दुष्कर्म और हत्या के बाद शव को दफनाए जाने के आरोप में बड़ी कार्रवाई सीतामढ़ी (ईएमएस)। बिहार के सीतामढ़ी जिले से एक के बाद एक दो हैरान कर देने वाली आपराधिक घटनाएं सामने आई हैं, जिन्होंने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। एक मामले में पुलिस ने दुष्कर्म और हत्या के आरोप के बाद एक नाबालिग लड़की के शव को कब्र से निकलवाया है, तो वहीं दूसरे मामले में एकतरफा प्रेम में पागल एक युवक ने युवती पर जानलेवा हमला करते हुए गोली चला दी। बेलसंड थाना क्षेत्र के पताही पंचायत स्थित भोरहा टोला घुसुकपुर में पुलिस ने एक नाबालिग बच्ची के कथित दुष्कर्म और हत्या के बाद शव को दफनाए जाने के आरोप में बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने कब्र से शव को बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मृतक बच्ची की मां आसमीन खातून ने पुलिस को दिए आवेदन में मो. भांगर शेख, मो. रियाज, गुलाब दर्जी सहित कई लोगों पर अपनी बेटी साबिया प्रवीण उर्फ रेशमा खातून के साथ मारपीट, दुष्कर्म और हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों के मुताबिक, 3 अप्रैल को सुंदरपुर से घर लौटने पर उन्होंने अपनी बेटी को चौकी पर मृत पाया, जिसके गले में दुपट्टा लिपटा हुआ था। उनका आरोप है कि बिना उनकी सहमति के शव को आनन-फानन में दफना दिया गया। महिला ने यह भी बताया कि मो. रियाज उनकी बेटी से शादी करना चाहता था और स्कूल आने-जाने के दौरान उसे परेशान करता था। थानाध्यक्ष जंगो राम ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटना के बाद से सभी आरोपी फरार हैं। इधर, सीतामढ़ी के नगर थाना क्षेत्र में बीते शुक्रवार को एकतरफा प्रेम में सनकी युवक ने युवती पर जानलेवा हमला किया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि कोट बाजार निवासी शिवम गोस्वामी उसके घर में घुस आया और बात न करने को लेकर विवाद करने लगा। बहस बढ़ने पर उसने पिस्तौल निकालकर गोली चला दी, जो युवती के पेट को छूती हुई निकल गई, जिससे उसकी जान बच गई। पीड़िता ने बताया कि शिवम उस पर शादी का दबाव बना रहा था, और इनकार करने पर उसने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने शिवम के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है। सतीश मोरे/25मई ---