- तीसरे बेटे पर भी हुआ हमला, पुलिस चौकी से 200 मीटर दूरी पर वारदात से खड़े हुए सवाल कानपुर (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के कानपुर में रोड रेज की एक भयावह घटना सामने आई है, जहां रविवार रात किदवई नगर बाईपास के पास बाइक टकराने के मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। इस सनसनीखेज वारदात में एक पिता और उसके बेटे की निर्मम हत्या कर दी गई, जबकि दूसरा बेटा घायल अवस्था में है। इस डबल मर्डर से पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। जानकारी के अनुसार सनिगवां के रहने वाले शिवनारायण त्रिवेदी अपने बेटों शिवम और सत्यम के साथ किदवई नगर स्थित एक मार्बल दुकान से काम खत्म कर देर रात घर लौट रहे थे। रात करीब नौ बजे वृंदावन लॉन के सामने उनकी बाइक आगे चल रही एक अपाचे बाइक से मामूली रूप से टकरा गई। इस बात पर अपाचे सवार तीन युवकों ने तुरंत गाली-गलौज शुरू कर दी। सत्यम के मुताबिक, विरोध करने पर उन पर हेलमेट से ताबड़तोड़ हमला किया गया, और इसी बीच एक हमलावर ने कमर से चाकू निकाल कर शिवनारायण की छाती में, शिवम के पेट में और सत्यम की पीठ में घोंप दिया। खून से लथपथ पिता-पुत्र सड़क पर गिर पड़े। सूचना मिलने पर पुलिस ने तीनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने शिवनारायण और शिवम को मृत घोषित कर दिया। डीसीपी दक्षिण ने बताया कि एक आरोपी शिवा वर्मा को हिरासत में लिया गया है, जो अकबरपुर, कानपुर देहात का निवासी है। वहीं, मुख्य हमलावर करन वर्मा और उत्सव अवस्थी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने पुष्टि की है कि यह घटना रोड रेज का ही परिणाम है, जिसमें करन वर्मा ने चाकू से हमला किया था। यह हृदय विदारक घटना नौबस्ता थाने की विराटनगर चौकी से महज 200 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे पुलिस की सक्रियता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। वारदात के बाद घटनास्थल पर काफी देर तक हंगामा होता रहा, लेकिन चौकी पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। क्षेत्र में गुस्सा है और लोग पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं। घटना का 38 सेकंड का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें बदमाशों को हेलमेट और चाकू से हमला करते देखा जा सकता है। सतीश मोरे/25मई ---