राष्ट्रीय
25-May-2026


- कुंडली में वारदात, अवैध संबंधों को लेकर विवाद, आरोपी फरार सोनीपत (ईएमएस)। दिल्ली से सटे हरियाणा के सोनीपत जिले के कुंडली में रविवार देर रात खूनी खेल खेला गया। टीडीआई सिटी के बीपीएल फ्लैट्स में एक सनकी पड़ोसी ने लोहे की रॉड से हमला कर एक दंपती समेत तीन लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतकों में 50 वर्षीय विजय, उनकी 47 वर्षीय पत्नी सुनीता और 32 वर्षीय स्वाति शामिल हैं। इस वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ब्रह्म प्रकाश मौके से फरार हो गया, जिसके बाद इलाके में दहशत फैल गई। प्रारंभिक जांच में अवैध संबंधों को लेकर हुआ विवाद हत्या की वजह बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, सोनीपत के कोट मोहल्ला निवासी विजय और उनकी पत्नी सुनीता टीडीआई कुंडली के बीपीएल फ्लैट नंबर 1299 में रहते थे। वहीं बड़ौली निवासी स्वाति फ्लैट नंबर 1431 में रहती थी। रविवार देर रात करीब 12 बजे बीपीएल फ्लैट नंबर 1426 निवासी ब्रह्म प्रकाश का विजय से विवाद हो गया। झगड़ा बढ़ने पर ब्रह्म प्रकाश ने लोहे की रॉड और धारदार हथियार से विजय, सुनीता और स्वाति पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी ब्रह्म प्रकाश के किसी महिला के साथ अवैध संबंध थे, जिस पर पड़ोसियों ने उसे टोका था। इसी बात को लेकर उनमें पहले भी कई बार झगड़ा हो चुका था। आरोपी ब्रह्म प्रकाश दिल्ली पुलिस से बर्खास्त बताया गया है और उसका व्यवहार काफी आक्रामक था। वह कुंडली के एक निजी स्कूल में सिक्योरिटी गार्ड का काम करता था। वारदात की सूचना मिलते ही कुंडली थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी ब्रह्म प्रकाश की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर मामले का पूरा खुलासा किया जाएगा। पुलिस आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। सतीश मोरे/25मई ---