क्षेत्रीय
25-May-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय छात्रावास अधीक्षक संघ की सामान्य सभा बैठक शनिवार को नेहरू चौक स्थित जल संसाधन विभाग कार्यालय परिसर के प्रार्थना भवन में आयोजित हुई। बैठक में प्रदेशभर से पहुंचे अधीक्षकों ने अपनी लंबित मांगों और विभागीय समस्याओं को लेकर रणनीति बनाई। बैठक की अध्यक्षता संघ के प्रदेश अध्यक्ष उदेश सिंह तोमर ने की। इस दौरान उपाध्यक्ष पल्लव झा और कोषाध्यक्ष आशीष साहू समेत प्रदेश कार्यकारिणी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। सेवा शर्तों और पदोन्नति पर हुई चर्चा सभा में अधीक्षकों की सेवा शर्तों के निर्धारण, पदोन्नति और क्रमोन्नति, छात्रावासों में अनुरक्षण मद के लिए पर्याप्त बजट, कार्यभार संबंधी समस्याओं और विद्यार्थियों की शिष्यवृत्ति राशि बढ़ाने जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। अधीक्षकों ने कहा कि लंबे समय से लंबित मांगों के कारण कर्मचारियों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इन समस्याओं के समाधान के लिए शासन स्तर पर ठोस पहल जरूरी है। संगठन को मजबूत बनाने पर जोर बैठक में संगठन के विस्तार को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। संभाग स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए संभाग अध्यक्ष और संभाग उपाध्यक्ष जैसे नए पद बनाने पर सहमति बनी। साथ ही जिला स्तर तक संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और अधिक सक्रिय सदस्यों को जोडऩे पर भी चर्चा हुई। जरूरत पड़ी तो आंदोलन की चेतावनी सभा में यह निर्णय लिया गया कि अधीक्षकों की मांगों को लेकर शासन और प्रशासन से लगातार चर्चा की जाएगी। यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आने वाले समय में आंदोलनात्मक रणनीति भी बनाई जाएगी। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पी.आर. यादव, जी.आर. चंद्रा, पवन कुमार शर्मा, जय कुमार साहू और किशोर शर्मा मौजूद रहे। अंत में सभी अतिथियों और अधीक्षकों का आभार व्यक्त किया गया। मनोज राज 25 मई 2026