नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली कैपिटल्स के सलामी बल्लेबाज केएल राहुल ने आईपीएल 2026 में अंतिम लीग मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ अपनी अर्धशतकीय पारी के दौरान ही एक बड़ा रिकार्ड अपने नाम कर लिया। अपनी इस पारी में राहुल ने 5 चौके और 4 छक्के लगाये। इसी के साथ ही राहुल ने आईपीएल में छक्के लगाने के मामले में गेल का एक रिकार्ड तोड़ दिया। राहुल अब आईपीएल में सबसे ज्यादा तीन अलग-अलग फ्रेंचाइजी में एक सत्र में 30 से अधिक छक्के लगाने का कीर्तिमान स्थापित किया है। दिल्ली कैपिटल्स के लिए इस सीजन में राहुल ने 31 छक्के लगाये हैं। इससे पहले, राहुल ने पंजाब किंग्स के लिए 2018 में (32 छक्के) और 2021 में (30 छक्के), तथा लखनऊ सुपर जाएंट्स के लिए 2022 में (30 छक्के) लगाये थे। इससे वह आईपीएल इतिहास में तीन टीमों से इतने अधिक छक्के लगाने वाले पहले खिलाड़ी बन गये हैं। इस रिकॉर्ड को तोड़कर राहुल ने क्रिस गेल और ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्सवेल जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने यह कारनामा 2-2 आईपीएल टीमों के लिए किया था। क्रिस गेल ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए चार बार (2011, 2012, 2013, 2015) और पंजाब किंग्स के लिए एक बार (2019) एक सत्र में 30 से अधिक छक्के लगाए थे। वहीं, ग्लेन मैक्सवेल ने पंजाब किंग्स (2014) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (2023) के लिए 1-1 बार यह रिकार्ड बनाया था। सिर्फ छक्कों के रिकॉर्ड तक ही केएल राहुल का कमाल सीमित नहीं रहा। कोलकाता के खिलाफ लगाया गया यह अर्धशतक उनके आईपीएल करियर का 51वां अर्धशतक था। इस उपलब्धि के साथ, उन्होंने आईपीएल में सबसे ज्यादा 50+ स्कोर बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा की बराबरी कर ली है। अब इन दोनों अनुभवी खिलाड़ियों के नाम 51-51 अर्धशतकीय पारियां दर्ज हैं। इस विशिष्ट क्लब में उनसे ऊपर तीन अन्य दिग्गज बल्लेबाज हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के विराट कोहली 76 फिफ्टी प्लस स्कोर के साथ शीर्ष पर काबिज हैं, उनके बाद डेविड वॉर्नर (66) और शिखर धवन (53) का नाम आता है। केएल राहुल और रोहित शर्मा इस लिस्ट में चौथे और पांचवें स्थान पर संयुक्त रूप से मौजूद हैं, जो उनकी बल्लेबाजी की निरंतरता को दर्शाता है।इसके अतिरिक्त, केएल राहुल दिल्ली कैपिटल्स के लिए एक आईपीएल सीजन में 30 या उससे अधिक छक्के लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज भी बन गए हैं। उनसे पहले यह कारनामा केवल ऋषभ पंत ने किया था, जिन्होंने 2018 सीजन में दिल्ली के लिए सर्वाधिक 37 छक्के जड़े ईएमएस 25मई 2026