बीजेपी ने किया पलटवार, कांग्रेस शासित राज्यों पेट्रोल-डीजल ज्यादा महंगा नई दिल्ली,(ईएमएस)। सरकार ने सोमवार को पेट्रोल-डीजल के दाम फिर बढ़ा दिए हैं। पेट्रोल में 2.61 रुपए और डीजल में 2.71 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। बीजेपी ने बढ़े हुए दामों को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। बीजेपी का दावा है कि कांग्रेस शासित राज्यों में बीजेपी शासित राज्यों से महंगा पेट्रोल-डीजल मिल रहा है। बीजेपी का दावा है कि भारत के हर राज्य में एक समान केंद्रीय उत्पाद शुल्क है। इसके बावजूद बीजेपी शासित दिल्ली में 102 और गुजरात में 101 रुपए प्रति लीटर पेट्रोल है। वहीं, कांग्रेस शासित राज्य तेलंगाना में 118, कर्नाटक में 110 रुपए प्रति लीटर पेट्रोल है। कांग्रेस के नेतृत्व वाले एलडीएफ शासित केरल में 114 रुपए प्रति लीटर पेट्रोल है। बीजेपी का कहना है कि जो पार्टी केंद्र सरकार को ईंधन की कीमतों पर उपदेश देती है, वही अपने ही लोगों पर प्रति लीटर 16 रुपए ज्यादा टैक्स लगाती है। राहुल गांधी के नेतृत्व वाली कांग्रेस पाखंडी है। वहीं, कांग्रेस ने पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने पर केंद्र सरकार को घेरा। कांग्रेस ने एक्स पर लिखा, महंगाई मैन पीएम मोदी ने पेट्रोल-डीजल 11 दिन में 8 रुपए महंगा कर दिया। आज फिर पेट्रोल पर 2.87 रुपए और डीजल पर 2.80 रुपए बढ़ा दिए हैं। 15 मई को पेट्रोल 3.29 रुपए व डीजल 3.11 रुपए, 19 मई को पेट्रोल 96 पैसे व डीजल 94 पैसे, 23 मई को पेट्रोल 94 पैसे व डीजल 95 पैसे और 25 मई को पेट्रोल में 2.87 रुपए व डीजल में 2.80 रुपए की बढ़ोतरी की गई है। इस तरह अब तक पेट्रोल 8.06 और डीजल 7.80 रुपए महंगा हुआ है। अपने पूंजीपति दोस्तों को मालामाल करने के लिए पीएम मोदी जनता की जेब काटने में लगे हैं। लोग महंगाई में पिस रहे हैं, परेशान हैं लेकिन महंगाई मैन की वसूली थमने का नाम नहीं ले रही है। बता दें इससे पहले 23 मई को कीमतों में बढ़ोतरी करते हुए सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल की कीमतें 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल की कीमतें 91 पैसे प्रति लीटर बढ़ाई थीं। वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में हो रही बढ़ोतरी के बीच पिछले 10 दिन में ईंधन की दरों में यह चौथी बढ़ोतरी है। 15 मई को ही सरकारी तेल कंपनियों ने पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के कारण बढ़ी हुई कीमतों का बोझ धीरे-धीरे ग्राहकों पर डालना शुरू किया था। सिराज/ईएमएस 25मई26