25-May-2026
...


- थाना ललौली में एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने की जनसुनवाई - एसपी की इस पहल की हो रही आमजन में चर्चा - शिकायतों के समयबद्ध व निष्पक्ष निस्तारण के दिए निर्देश फतेहपुर (ईएमएस)। जनसामान्य की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं पुलिस-जन संवाद को मजबूत बनाने के उद्देश्य से थाना ललौली में पुलिस अधीक्षक फतेहपुर अभिमन्यु मांगलिक द्वारा जनसुनवाई की गई। इस दौरान क्षेत्र से पहुंचे फरियादियों की विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए उनके गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, आपसी मारपीट, पारिवारिक विवाद, शिकायतों के निस्तारण में देरी, पुलिस सहायता संबंधी मामलों सहित अन्य समस्याओं को लेकर आमजन ने अपनी बात पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखी। पुलिस अधीक्षक ने फरियादियों की शिकायतों को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक मामले में तथ्यों की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा हर शिकायत का समाधान गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतकर्ता को अनावश्यक रूप से थाने के चक्कर न लगाने पड़ें और पीड़ित को समय पर राहत उपलब्ध कराई जाए। एसपी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को यह भी निर्देशित किया कि आमजन के साथ संवेदनशील व्यवहार बनाए रखें तथा उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस की कार्यशैली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय से ही कानून-व्यवस्था को मजबूत किया जा सकता है। जनसुनवाई के दौरान थाना स्तर के अधिकारी, पुलिसकर्मी तथा संबंधित विभागीय कर्मचारी भी मौजूद रहे। इस पहल को आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और पुलिस प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। शीबू खान/ ईएमएस 25 मई, 2026