क्षेत्रीय
25-May-2026
...


- कांग्रेस पदाधिकारियों ने राज्यपाल को भेजा ज्ञापन फतेहपुर। महोबा जनपद में नीट की तैयारी कर रही दलित छात्रा के कथित अपहरण, बंधक बनाकर अमानवीय व्यवहार किए जाने और जबरन शादी कराने के मामले को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल के नाम जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन भेजकर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी, कड़ी सजा और पीड़िता को आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग उठाई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि महोबा की एक दलित छात्रा, जो नीट परीक्षा की तैयारी कर रही थी, को कोचिंग जाते समय कथित रूप से अपहरण कर लिया गया और लगभग 16 दिनों तक प्रयागराज में बंधक बनाकर रखा गया। ज्ञापन में आरोपितों पर छात्रा के साथ अमानवीय व्यवहार करने तथा जबरन शादी कराने का आरोप लगाते हुए मामले में कठोर कार्रवाई की मांग की गई। ज्ञापन में मांग की गई कि मामले में संलिप्त सभी आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही पीड़ित छात्रा को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि वह अपनी आगे की पढ़ाई जारी रख सके। कांग्रेस नेताओं ने पीड़िता और उसके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की, जिससे वे भयमुक्त होकर जीवनयापन कर सकें। ज्ञापन सौंपने के बाद पत्रकारों से बातचीत में कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि अपराधी बेखौफ होकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपराध नियंत्रण में विफल साबित हो रही है। वहीं शहर अध्यक्ष आरिफ गुड्डा ने भी सरकार की कार्यप्रणाली की आलोचना करते हुए प्रदेश में अपराध और भ्रष्टाचार बढ़ने का आरोप लगाया। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर भी नाराजगी जाहिर की और चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई वापस नहीं ली गई तो पार्टी विरोध प्रदर्शन करेगी। ज्ञापन कार्यक्रम में वरिष्ठ महिला नेता संतोष कुमारी शुक्ला, शेख एजाज अहमद, मणि प्रकाश दुबे, सुरेश तिवारी, कलीम उल्ला सिद्दीकी, अनुराग नारायण मिश्रा, देवी प्रकाश दुबे, आशीष गौड़, पप्पू पाल, राजीव लोचन निषाद, शकीला बानो, पूनम द्विवेदी, रेखा पासवान, शमशाद भाई सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। शीबू खान/ ईएमएस 25 मई, 2026