क्षेत्रीय
25-May-2026
...


- ब्लैकमेलिंग के आरोप में दो महिलाएं गिरफ्तार सूरजपुर (ईएमएस)। जिले के भटगांव थाना क्षेत्र से ब्लैकमेलिंग का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां दो महिलाओं पर एक व्यक्ति को झांसे में लेकर उसका अश्लील वीडियो बनाने और फिर उसे वायरल करने की धमकी देकर लाखों रुपये वसूलने का आरोप लगा है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जरही निवासी गणेश मिश्रा का कुछ वर्ष पहले दोनों महिलाओं से परिचय हुआ था। आरोप है कि महिलाओं ने उसे मिलने के बहाने सूरजपुर बुलाया। यहां उसे शराब पिलाई गई और नशे की हालत में उसके अश्लील फोटो और वीडियो बना लिए गए। शिकायत के मुताबिक, वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने तथा झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर पीड़ित पर लगातार दबाव बनाया गया। आरोप है कि इसी डर का फायदा उठाकर उससे करीब 3 लाख रुपये की उगाही की गई। लगातार पैसों की मांग और कथित ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर पीड़ित ने आखिरकार भटगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और दोनों महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कहीं इस तरह की घटनाओं में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं रही। मामले पर एसडीओपी अभिषेक पैकरा ने बताया कि शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई है और आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है। - (ईएमएस) 25 मई 2026