- शिक्षक संघ ने बीएसए को सौंपा ज्ञापन फतेहपुर (ईएमएस)। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, फतेहपुर ने जनगणना कार्य में लगाए गए प्रगणकों (Enumerator) एवं सुपरवाइजरों की ड्यूटी को लेकर गंभीर आपत्ति जताते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। संगठन ने आरोप लगाया कि कई शिक्षकों की ड्यूटी उनके विद्यालय अथवा निवास स्थान से 25 से 30 किलोमीटर दूर लगा दी गई है, वहीं अनेक प्रगणकों को निर्धारित सीमा से अधिक कार्यभार (HLB) आवंटित कर दिया गया है, जिससे शिक्षकों में असंतोष व्याप्त है। ज्ञापन में शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह एवं जिलामंत्री विजय कुमार त्रिपाठी की ओर से कहा गया कि शासन एवं विभागीय निर्देशों का पालन करते हुए शिक्षकों को जनगणना कार्य में लगाया गया है, लेकिन भीषण गर्मी के बीच दूरस्थ क्षेत्रों में ड्यूटी और अत्यधिक कार्यभार शिक्षकों के लिए कठिनाइयां पैदा कर रहा है। संगठन का कहना है कि कई शिक्षकों को ऐसे क्षेत्रों में तैनात किया गया है, जहां पहुंचने में लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है। संघ ने आरोप लगाया कि कई प्रगणकों को 150 HLB से अधिक कार्य आवंटित किया गया है, जबकि कुछ स्थानों पर मकानों की संख्या 300 से 450 तक बताई गई है। इससे जनगणना कार्य प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। ज्ञापन में विभिन्न शिक्षकों और उनके आवंटित HLB नंबरों व अनुमानित मकानों की संख्या का भी उल्लेख किया गया है। शिक्षक संघ ने प्रशासन से मांग की है कि दूरस्थ क्षेत्रों में लगाए गए प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों की ड्यूटी का पुनर्विचार किया जाए और अत्यधिक कार्यभार वाले मामलों में संशोधन कर शिक्षकों को राहत दी जाए। संगठन ने यह भी कहा कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो शिक्षकों में असंतोष बढ़ सकता है और जनगणना कार्य प्रभावित हो सकता है। संघ ने जिला प्रशासन से मामले का संज्ञान लेते हुए शीघ्र निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि जनगणना कार्य सुचारु रूप से संपन्न हो सके और शिक्षकों को अनावश्यक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े। शीबू खान/ ईएमएस 25 मई, 2026