क्षेत्रीय
25-May-2026
...


- कलेक्टर वर्मा ने तिलक लगाकर किया वृद्धजनों का स्वागत; वयोश्री योजना में 111 उपकरण और तत्काल पेंशन स्वीकृत इंदौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की वरिष्ठ नागरिकों के प्रति संवेदनशीलता और सुरक्षा की मंशा को साकार करते हुए इंदौर जिला प्रशासन ने मानवीय सरोकारों की एक अनूठी मिसाल पेश की है। कलेक्टर शिवम वर्मा की विशेष पहल पर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागृह में वृद्धजनों के लिए एक विशेष जनसुनवाई शिविर का आयोजन किया गया। यहाँ प्रशासनिक व्यवस्था केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रही, बल्कि अधिकारियों ने बुजुर्गों की समस्याओं को आत्मीयता से सुना और मौके पर ही उनका निराकरण सुनिश्चित किया। शिविर में आए प्रत्येक बुजुर्ग का तिलक लगाकर स्वागत किया गया और उन्हें आदरपूर्वक जलपान कराया गया। कलेक्टर शिवम वर्मा ने इस अवसर पर कहा कि वृद्धजन हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को सभी आवेदनों पर समय-सीमा के भीतर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए ताकि किसी भी बुजुर्ग को परेशान न होना पड़े। :: 33 विभागों से जुड़े 331 आवेदन प्राप्त :: एक ही स्थान पर वरिष्ठ नागरिकों को सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में भरण-पोषण, पारिवारिक विवाद, पेंशन और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जुड़े कुल 331 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्ट्रेट कार्यालय के 33 विभागों से संबंधित इन आवेदनों में सर्वाधिक 87 आवेदन नगर निगम के थे। इसके अतिरिक्त तहसील मल्हारगंज से 33, जूनी इंदौर से 35, राऊ से 27, सहकारिता विभाग से 22 तथा सामाजिक न्याय विभाग से 18 आवेदन प्राप्त हुए। रेडक्रास सोसायटी और जिला खाद्य आपूर्ति विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी भी समाधान के लिए मौके पर मौजूद थे। :: उपकरण वितरण और तत्काल पेंशन स्वीकृति :: सामाजिक न्याय विभाग द्वारा राष्ट्रीय वयोश्री योजना के अंतर्गत बुजुर्गों का जीवन सुगम बनाने वाले 111 विशेष उपकरण वितरित किए गए। इनमें श्रवण यंत्र (कान की मशीन), व्हीलचेयर, वॉकर, घुटने के पट्टे, सिलिकॉन कुशन, वॉकिंग स्टिक और स्पाइनल बेल्ट शामिल हैं। इसके साथ ही, पेंशन संबंधी समस्याओं से जूझ रहे 10 वरिष्ठजनों की वृद्धावस्था पेंशन तत्काल स्वीकृत की गई। कलेक्टर वर्मा ने स्वयं 26 वृद्धजनों को माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण अधिनियम के तहत जारी आदेशों की प्रतियां सौंपीं। :: मल्टी-स्पेशलिटी स्वास्थ्य शिविर में 100 से अधिक बुजुर्गों का परीक्षण :: बुजुर्गों की सेहत को सर्वोपरि रखते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा एक वृहद चिकित्सा शिविर भी लगाया गया। इसमें वरिष्ठ नागरिकों को मल्टी-स्पेशलिटी, मानसिक रोग, फिजियोथैरेपी स्क्रीनिंग एवं मेडिकल बोर्ड जैसी सुविधाएं प्रदान की गईं। शिविर में 100 से अधिक रोगियों को विशेष उपचार व परामर्श दिया गया, जबकि 34 से अधिक वृद्धजनों की रक्त जांच की गई। इस दौरान दंत चिकित्सा, नेत्र परीक्षण, कुष्ठ रोग काउंसलिंग, ईएनटी, न्यूरो-सायकेट्री और अस्थि रोग की जांच कर निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। शिविर में बुजुर्गों के आभा कार्ड भी बनाए गए। इस अवसर पर कलेक्टर द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को प्रोटीन युक्त बिस्किट एवं टॉनिक का वितरण भी किया गया। शिविर में जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) एवं विभिन्न विभागों के जिला प्रमुख उपस्थित थे। प्रकाश/25 मई 2026