क्षेत्रीय
25-May-2026
...


रायपुर (ईएमएस)। रायपुर नगर निगम के जोन क्रमांक 8 अंतर्गत आयोजित सुशासन तिहार 2026 के जनसमस्या निवारण शिविर में रायपुर पश्चिम विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत ने पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान महापौर मीनल चौबे, सभापति सूर्यकांत राठौड़, निगम आयुक्त संबित मिश्रा, पार्षदगण एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अग्रसेन भवन टाटीबंध में आयोजित इस शिविर में वीर सावरकर नगर, पंडित जवाहर लाल नेहरू, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम, रामकृष्ण परमहंस, शहीद भगत सिंह, माधवराव सप्रे एवं संत रविदास वार्ड सहित कुल 7 वार्डों के नागरिकों की समस्याएं सुनी गईं। विधायक राजेश मूणत ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि नगर निगम क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों, अवैध प्लाटिंग एवं अतिक्रमण पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने निगम के राजस्व संग्रह को बढ़ाने तथा प्रशासनिक व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाने पर भी जोर दिया। महापौर मीनल चौबे ने स्पष्ट कहा कि नगर निगम की अनुमति के बिना किए गए निर्माण अवैध माने जाएंगे और संबंधित जोन अधिकारी तत्काल कार्रवाई करें। उन्होंने सुशासन तिहार में प्राप्त सभी शिकायतों एवं आवेदनों के शत-प्रतिशत निराकरण के निर्देश दिए। शिविर में कुल 446 आवेदन प्राप्त हुए। कई नागरिकों को मौके पर ही विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। विधायक राजेश मूणत ने शहरवासियों से राजधानी रायपुर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने में सहभागी बनने की अपील की। वहीं महापौर मीनल चौबे ने जोन 8 में आरआरआर सेंटर शुरू होने पर नागरिकों से अनुपयोगी वस्तुएं दान कर पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने का आग्रह किया। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/25 मई 2026