क्षेत्रीय
25-May-2026
...


- सिंगरी नदी को साफ व स्वच्छ रखना हम सबकी जिम्मेदारी है - मंत्री श्री पटेल गंगा दशहरा के अवसर पर सिंगरी नदी के पुनर्जीवन कार्यक्रम में शामिल हुए नरसिंहपुर, (ईएमएस)। प्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास और श्रम मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि आज का दिन नरसिंहपुर जिले के जीवनदायिनी सिंगरी नदी को पुनर्जीवन करने वाला दिन है। आओ हम सब मिलकर सिंगरी नदी को पुनर्जीवन करने का संकल्प लें, जो‍ आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक बन सके। मंत्री श्री पटेल सोमवार को कलेक्टर बंगला के पीछे गणेश मंदिर रोड स्थित सिंगरी नदी में जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत गंगा दशहरा के अवसर पर सिंगरी नदी पुनर्जीवन श्रमदान कार्य एवं जल संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मंत्री श्री पटेल ने कहा कि सिंगरी नदी को साफ-सुथरा एवं भव्य व सुंदर बनाया जाएगा। सिंगरी नदी के दोनों तटों के किनारे-किनारे मार्ग बनाए जाएंगे। इससे कोई भी नागरिक सिंगरी नदी की सुंदरता का आनंद ले सकेगा। मंत्री श्री पटेल ने इस अवसर पर सिंगरी नदी पुनर्जीवन के लिए सभी उपस्थित समुदाय को शपथ दिलाई। आयोजित कार्यक्रम में जल संरक्षण पर की गई चित्रकला करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। मंत्री श्री पटेल ने कहा कि हमारी सरकार ने प्राचीन नदियों को पुनर्जीवन करने का कार्य प्रारंभ किया है। प्राचीन नदियों से ही हमारी संस्कृति एवं विरासत का विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि नदियों की पहचान ही ऐसी है, कि वह अपने इतिहास को समेटे हुए प्रवाहित होते रहती है, जिससे विभिन्न सभ्यताओं की जानकारी मिलती है। उन्होंने कहा कि भविष्य में जल संकट की स्थिति उत्पन्न न हो इसलिए वर्तमान समय में जल संरक्षण के प्रयास किए जा रहे हैं। मंत्री श्री पटेल ने कहा कि सभी नागरिकों को संकल्प लेना होगा कि सिंगरी नदी के जल को साफ व स्वच्छ रखने के लिए गंदा पानी नदी में प्रवाहित न करें। यह हम सभी के लिए एक चुनौती है, लेकिन इसे पूरा करना हमारा दायित्व है। सिंगरी नदी का जल आगे जाकर मां नर्मदा जी में समाहित होता है, इसलिए सिंगरी नदी का जल साफ व स्वच्छ होकर प्रवाहित हो, इसके लिए सभी नागरिकों की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने कहा कि मानव जीवन व पर्यावरण की रक्षा के लिए जल एक आवश्यक तत्व है, इसलिए हमें आने वाले भविष्य के लिए जल का संरक्षण करना जरूरी है। जिससे जल की बचत हो, जल की शुद्धता हो और हमारा भविष्य बेहतर बन सके। मंत्री श्री पटेल ने कहा कि सरकार जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत लगातार जल संरक्षण के कार्य कर रही है। जल स्रोतों, तालाबों, नदी-नालों की साफ-सफाई कर उन्हें पानीदार बनाया जा रहा है। जिससे जल के लिए मौसमों पर निर्भर न रहना पड़े, हमारे जल स्रोत में ही पानी के पर्याप्त भंडार रहे, हमें इन्हीं संकल्पों को लेकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि नदियों, जल स्रोतों और तालाबों का जल साफ-सुथरा रहेगा, तो हमारा जीवन भी स्वस्थ रहेगा। उन्होंने सिंगरी नदी की साफ-सफाई से जुड़े सभी श्रमदान करने वाले नागरिकों को इस अभियान में शामिल होने के लिए धन्यवाद दिया। आयोजित कार्यक्रम को जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ज्योति नीलेश काकोड़िया, विधायक गोटेगांव श्री महेन्द्र नागेश, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती अनीता राजेन्द्र ठाकुर, नगर पालिका अध्यक्ष श्री नीरज दुबे, परंमयोगी दादा गुरूजी महाराज और श्री रामसनेही पाठक ने भी संबोधित किया। आयोजित कार्यक्रम के बारे में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गजेन्द्र सिंह नागेश ने विस्तार से जानकारी दी और जिला समन्वयक मप्र जनअभियान परिषद श्री जयनारायण शर्मा ने आभार व्यक्त किया। आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा, श्री सुनील कोठारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी-कर्मचारी और नागरिक मौजूद थे। ईएमएस / 25 मई 2026