रायपुर (ईएमएस)। प्रदेश कांग्रेस ने राज्य में हो रही अघोषित बिजली कटौती को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कांग्रेस प्रवक्ता वंदना राजपूत ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश की बिजली व्यवस्था चरमरा गई है और आम जनता लगातार बिजली संकट का सामना कर रही है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़, जो कभी विद्युत सरप्लस राज्य माना जाता था, आज अघोषित बिजली कटौती का केंद्र बन गया है। कई इलाकों में रोजाना दो से चार घंटे तक बिजली गुल रहती है, जबकि रात के समय स्थिति और भी खराब हो जाती है। वंदना राजपूत ने आरोप लगाया कि प्रदेश के कई जिलों में न सिर्फ बिजली कटौती बल्कि लो वोल्टेज की समस्या भी गंभीर रूप से बढ़ गई है। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में लोग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि मई माह में उपभोक्ताओं को आए बिजली बिल भी सामान्य से दो से तीन गुना अधिक हैं। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार के दौरान 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाती थी और आवश्यकता पड़ने पर दूसरे राज्यों से बिजली खरीदी जाती थी। उन्होंने यह भी कहा कि उस समय लागू “बिजली बिल हाफ योजना” से 44 लाख घरेलू उपभोक्ताओं को राहत मिली थी, जिससे प्रत्येक परिवार को वर्षों में महत्वपूर्ण बचत हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार ने न केवल यह योजना बंद कर दी है बल्कि बिजली व्यवस्था को भी कमजोर कर दिया है, जिससे जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ा है। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/25 मई 2026