पटना, (ईएमएस)। राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश प्रवक्ता अरुण कुमार यादव ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने 10 दिनों के अंदर चार बार पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि कर आम आदमी पर कमरतोड़ महंगाई की बोझ लादकर खून की आंसू रूला रहे हैं। राजद प्रवक्ता ने कहा कि पहले तीन किस्तों में पेट्रोल-डीजल पर 4.81 रुपया प्रति लीटर की वृद्धि की। फिर चौथे बार में डीज़ल पर 2.71 रुपया प्रति लीटर और पेट्रोल पर 2.61 रुपया प्रति लीटर की वृद्धि की गई। पिछले 10 दिनों में पेट्रोल की कीमतों में कुल मिलाकर 7.50 रुपया प्रति लीटर और डीजल के दामों में 7.82 रुपया प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर मोदी सरकार ने आम आदमी के साथ घोर अन्याय करने का काम किया है। राजद प्रवक्ता ने कहा कि पेट्रोल और डीजल के दामों में बेतहाशा वृद्धि होने के कारण परिवहन और ढुलाई महंगी होगी, जिसके कारण सब्जी, फल, दूध और दैनिक जीवन में उपयोगी समानों की कीमतों में काफी बढ़ोतरी होने से लोग परेशान हो जाएंगे। महंगाई से निजात दिलाने का सपना दिखाने वाले केंद्र की मोदी सरकार आज महंगाई की बोझ से आम आदमी की कमर तोड़ रहे हैं। राजद प्रवक्ता ने कहा कि मोदी सरकार को अगर आम जनता की थोड़ी सी भी चिंता है, तो पेट्रोल-डीजल को जीएसटी के दायरे में लाकर या उत्पाद शुल्क में कटौती कर आम जनता को अविलंब महंगाई से राहत दें। राजद प्रवक्ता ने कहा कि केंद्र सरकार अगर पेट्रोल-डीजल को जीएसटी के दायरे में लाने का फैसला लेती है, तो पेट्रोल-डीजल की कीमतों में प्रति लीटर 25 से 30 रूपये की कमी आ सकती है। संतोष झा- २५ मई/२०२६/ईएमएस