- चेहरे पर ज्वलनशील पदार्थ जैसे निशान मिलने से हत्या की आशंका, पुलिस जांच में जुटी - पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज से खुल सकते हैं मौत के राज फतेहपुर (ईएमएस)। सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के रामनगर किसोई गांव में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब खेत में एक बुजुर्ग महिला का शव मिलने की सूचना से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान गांव के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अजीत सिंह यादव की 75 वर्षीय मां के रूप में हुई। सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हलचल बढ़ गई और क्षेत्राधिकारी खागा सहित थाना सुल्तानपुर घोष पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह सरौली ग्राम प्रधान ने थाना सुल्तानपुर घोष पुलिस को सूचना दी कि उनके घर के समीप खेत में एक महिला का शव पड़ा हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराई, जिसमें मृतका हथगाम विकास खंड की किशोई ग्राम प्रधान की सास एवं प्रधान प्रतिनिधि अजीत सिंह यादव मां निकलीं। घटना की खबर फैलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे क्षेत्र में दहशत व चर्चाओं का माहौल बन गया। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने आशंका जताई है कि शव लगभग 10 से 12 घंटे पुराना प्रतीत हो रहा है। शव के ऊपरी हिस्से, विशेष रूप से चेहरे पर किसी ज्वलनशील या रासायनिक पदार्थ के डाले जाने जैसे निशान पाए गए हैं, जिससे चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त दिखाई पड़ा। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी। वहीं रात के दौरान जानवरों द्वारा शव के कुछ हिस्सों को नोचे जाने की भी संभावना जताई जा रही है। परिजनों के अनुसार बुजुर्ग महिला पिछले कुछ समय से गांव में अपने भाई के घर रह रही थीं। रविवार शाम करीब छह से सात बजे के बीच ग्रामीणों ने उन्हें घास लेने के लिए खेतों की ओर जाते देखा था, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटीं। सोमवार सुबह खेत में शव मिलने की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अजीत सिंह यादव की तहरीर पर मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके पर पहुंची फील्ड यूनिट टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए हैं। आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटना के विषय में एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों और घटना की परिस्थितियों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। शीबू खान/ ईएमएस 25 मई, 2026