क्षेत्रीय
25-May-2026
...


- वापस लौटने का दबाव बनाने के लिए वायरल किया अश्लील वीडियो शाजापुर (ईएमएस)। रिश्तों की मर्यादा और विश्वास को तार-तार करने वाला एक सनसनीखेज मामला जिले के मक्सी से सामने आया है। मक्सी थाना क्षेत्र में एक सिरफिरे पूर्व पति ने अपनी ही तलाकशुदा पत्नी को ब्लैकमेल करते हुए उसका अश्लील वीडियो वायरल कर दिया। तलाक के बाद आरोपी अपनी पूर्व पत्नी पर वापस लौटने का दबाव बना रहा था और मांग पूरी न होने पर उसने इस शर्मनाक वारदात को अंजाम दिया। मक्सी थाने पहुंची 34 वर्षीय पीडि़ता ने अपनी लिखित शिकायत में बताया कि उसकी शादी साल 2010 में हुई थी। वैवाहिक जीवन के दौरान उसके पति ने निजी पलों के कुछ वीडियो बना लिए थे। आपसी अनबन के चलते करीब दो महीने पहले दोनों ने रजामंदी से तलाक ले लिया था और अलग-अलग अपनी जिंदगी गुजार रहे थे। महिला का आरोप है कि तलाक के बावजूद पूर्व पति उसे चैन से जीने नहीं दे रहा था। वह लगातार मोबाइल फोन पर धमकियां देता था कि यदि वह उसके पास वापस नहीं आई, तो वह उसके पुराने निजी वीडियो इंटरनेट पर वायरल कर देगा। जब महिला उसके दबाव में नहीं आई, तो आरोपी ने सारी हदें पार करते हुए वह वीडियो महिला के एक रिश्तेदार के व्हाट्सएप नंबर पर भेज दिया। जब रिश्तेदार ने इस बात की जानकारी महिला को दी, तब जाकर उसे इस घिनौनी हरकत का पता चला। घटना की गंभीरता को देखते हुए मक्सी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। पीडि़ता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी पूर्व पति के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम 2008 की धारा 67 (ए) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस वर्तमान में मोबाइल नंबर और वीडियो भेजे जाने के संबंध में तकनीकी जांच कर रही है। ईएमएस/राजेश कलजोरिया/ 25 मई 2026