क्षेत्रीय
25-May-2026
...


- बदहाल व्यवस्थाओं पर जमकर हुआ हंगामा - प्रदर्शन करती महिलाएं। शाजापुर (ईएमएस)। मक्सी नगर में बुनियादी सुविधाओं के लंबे समय से चले आ रहे अभाव ने अब जनाक्रोश का रूप ले लिया है। चरमराई पेयजल व्यवस्था, खस्ताहाल सड़कों और गंदगी के अंबार से त्रस्त महिलाओं और आम नागरिकों का सब्र सोमवार को जवाब दे गया। यही कारण रहा कि आक्रोशित भीड़ ने कांग्रेस के बैनर तले नगर परिषद कार्यालय का घेराव किया और मुख्य द्वार पर खाली मटके फोड़कर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया। हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि प्रदर्शनकारियों ने परिषद कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया, जिससे प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। पूर्व विधायक प्रतिनिधि के नेतृत्व में सड़कों पर उतरा हुजूम यह उग्र प्रदर्शन कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक प्रतिनिधि मेहरबान सिंह पटेल के नेतृत्व में आयोजित किया गया था। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में महिलाएं घरों से निकलकर सड़कों पर उतरीं। महिलाओं ने नगर परिषद प्रशासन की लचर कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल उठाते हुए जमकर नारेबाजी की। उनका स्पष्ट कहना था कि जब तक नगर को मूलभूत सुविधाएं नहीं मिलतीं, तब तक यह संघर्ष रुकने वाला नहीं है। कई दिनों से प्यासे हैं वार्ड, सड़कों की जगह बचे हैं सिर्फ गड्ढे प्रदर्शनकारी महिलाओं ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए बताया कि नगर के कई वार्डों में कई-कई दिनों तक नलों से पानी नहीं टपकता। सड़कें पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं और हर तरफ फैली गंदगी से बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। महिलाओं का सीधा आरोप था कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी केवल झूठे आश्वासन देकर लोगों को टरका रहे हैं और जमीनी स्तर पर कोई काम नहीं हो रहा है। करोड़ों के विकास दावों की खुली पोल इस मौके पर कांग्रेस नेताओं ने नगर परिषद को आड़े हाथों लेते हुए आरोप लगाया कि परिषद जनता को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। नेताओं ने कहा कि एक तरफ कागजों में करोड़ों रुपए के विकास कार्यों के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ हकीकत यह है कि मक्सी की जनता आज भी पानी की एक-एक बूंद और साफ-सुथरी सड़कों के लिए तरस रही है। कामकाज रहा ठप, दी गई उग्र आंदोलन की चेतावनी प्रदर्शन के दौरान मुख्य गेट पर ताला जड़ दिए जाने के बाद नगर परिषद कार्यालय का कामकाज कुछ देर के लिए पूरी तरह प्रभावित रहा। सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए घटनास्थल पर भारी पुलिस बल तैनात रहा, जिनकी मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित किया गया। प्रदर्शनकारियों ने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि यदि पानी, सड़क और सफाई की इन गंभीर समस्याओं का तुरंत और स्थायी समाधान नहीं निकाला गया, तो आने वाले समय में इस आंदोलन को और अधिक तेज किया जाएगा। ईएमएस/राजेश कलजोरिया/ 25 मई 2026