- घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। शाजापुर (ईएमएस)। बाइक अनियंत्रित होकर फिसलने से मां और बेटा घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंदौर निवासी अनुराग पिता रामबाबू अपनी मां धापू बाई पति रामबाबू के साथ गुना में आयोजित एक पारिवारिक कार्यक्रम में गए हुए थे। सोमवार सुबह दोनों बाइक से वापस इंदौर लौट रहे थे। इसी दौरान सुनेरा थाना क्षेत्र के पास नेशनल हाईवे पर उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और संतुलन बिगड़ने से गाड़ी बुरी तरह सड़क पर फिसल गई। दुर्घटना के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 के निर्देश पर टीम घटनास्थल पर पहुंची। वाहन में तैनात पायलट महेंद्र सिंह जादौन और आरक्षक बृजमोहन यादव ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को 112 की मदद से तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार, हादसे में बाइक चला रहे अनुराग के चेहरे पर चोटें आई हैं, जबकि उनकी मां धापू बाई को हल्की चोटें लगी हैं। फिलहाल दोनों का उपचार अस्पताल में जारी है। सुनेरा पुलिस ने घटना की जानकारी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। ईएमएस/राजेश कलजोरिया/ 25 मई 2026