- 20 साल पुरानी दुश्मनी का खौफनाक अंत सूर्यापेट (ईएमएस)। तेलंगाना के सूर्यापेट जिले में बीआरएस नेता सी. मधु की हत्या के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि यह हत्या करीब दो दशक पुरानी दुश्मनी का बदला लेने के लिए रची गई साजिश का नतीजा थी। आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एम. जीवन, सी. सैदुलु, एम. प्रसाद, एम. आनंद और के. भरत चंद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी जीवन ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि उसने अपने पिता रविंदर की हत्या का बदला लेने के लिए इस वारदात की योजना बनाई थी। रविंदर की हत्या वर्ष 2007 में हुई थी और उस मामले में बीआरएस नेता मधु की कथित संलिप्तता बताई गई थी। जांच के मुताबिक, जीवन ने धीरे-धीरे मधु के रिश्तेदारों सैदुलु और प्रसाद से संपर्क बढ़ाया और उनके साथ अक्सर शराब पीकर विश्वास हासिल किया। इसी दौरान उसने कथित तौर पर मधु की हत्या की अपनी योजना उनके सामने रखी और सहयोग के बदले धन देने का प्रस्ताव दिया। पुलिस का कहना है कि इसके बाद जीवन ने अन्य आरोपियों को भी साजिश में शामिल कर लिया। सैदुलु को एक किराए का मकान उपलब्ध कराया गया, जिसका किराया भी जीवन ही चुका रहा था। पुलिस के अनुसार, 22 मई को सैदुलु ने मधु को अपने घर बुलाया। जब मधु नशे की हालत में हो गए, तब सैदुलु ने इसकी सूचना जीवन को दी। इसके बाद आरोपी वहां पहुंचे और कथित तौर पर कसाई के चाकू से हमला कर मधु की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक, उन्होंने शव को एक बोरे में भरकर एक पुलिया के पास फेंक दिया था। मामले की जांच जारी है और पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। रामयश/ईएमएस 26 मई 2026