गुरुग्राम (ईएमएस)। हरियाणा के गुरुग्राम जिले के मानेसर क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां शादी के महज तीन महीने बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। मामले में मृतका के पति और उसकी कथित प्रेमिका पर हत्या का आरोप लगा है। आरोप है कि वारदात को अंजाम देने के बाद पति ने परिवार और पुलिस को गुमराह करने के लिए झूठी कहानी रच दी और दावा किया कि उसकी पत्नी घर से जेवर लेकर कहीं चली गई है। हालांकि पुलिस जांच में मामला पूरी तरह पलट गया और एक बंद कमरे से महिला का शव बरामद होने के बाद पूरे घटनाक्रम का खुलासा हुआ। मृतका की पहचान मधु के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, मधु की शादी करीब तीन महीने पहले बड़े धूमधाम से अंकित नामक युवक के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही वह अपने ससुराल में रह रही थी। 21 मई को अचानक उसके लापता होने की जानकारी सामने आई। परिवार ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इस दौरान पति अंकित ने परिजनों को बताया कि मधु घर में रखे जेवर और अन्य कीमती सामान लेकर कहीं चली गई है। शुरुआत में परिवार ने उसकी बात पर भरोसा किया, लेकिन समय बीतने के बावजूद जब मधु का कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों को संदेह होने लगा। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/26/मई /2026