राज्य
26-May-2026
...


- खुद ही वीडियो बनाकर फंस गया युवक, वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने दबोचा - पुलिस की अपील: सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने ऐसी हरकतों से बचें हैदराबाद (ईएमएस)। आउटर रिंग रोड (ओआरआर) पर 200 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से कार चलाकर उसका वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करना एक युवक को भारी पड़ गया। नरसिंगी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, यह घटना 10 मई की है। आरोपी ने नरसिंगी ओआरआर से टीजी पुलिस अकादमी की ओर जाते हुए अपनी कार को करीब 200 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ाया। इस दौरान उसने वाहन चलाते हुए वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें स्पीडोमीटर पर तेज रफ्तार भी दिखाई दे रही थी। बाद में उसने यह वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अपलोड कर दिया। पुलिस द्वारा जारी वीडियो में आरोपी एक स्पोर्ट्स कार के साथ रफ्तार मिलाने की कोशिश करता हुआ भी नजर आ रहा है। दोनों वाहन ओआरआर पर तेज गति से दौड़ रहे थे, जिससे अन्य वाहन चालकों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती थी। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद सड़क गश्ती दल के एक अधिकारी की नजर इस पर पड़ी। अधिकारी ने नरसिंगी थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की पहचान पुप्पलगुडा निवासी यशवंत रेड्डी के रूप में की और उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में यशवंत ने दावा किया कि वह अपनी कार की क्षमता और स्थिति जांचने के लिए तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 125 (दूसरों के जीवन या सुरक्षा को खतरे में डालने वाला कृत्य) और धारा 281 (सार्वजनिक मार्ग पर लापरवाही एवं खतरनाक तरीके से वाहन चलाना) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने लोगों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने के लिए जान जोखिम में डालने वाली हरकतों से बचने की अपील की है। - ईएमएस 26 मई 2026