-आजाद उम्मीदवार ने लगाया सत्ताधारी पार्टी से जुड़े लोगों पर पैसे बांटने का आरोप बठिंडा,(ईएमएस)। बठिंडा के वार्ड नंबर 3 में वोटिंग शुरू होने से पहले ही माहौल तनावपूर्ण हो गया। सुबह करीब 5 बजे फायरिंग की घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। आजाद उम्मीदवार ने सत्ताधारी पार्टी से जुड़े लोगों पर पैसे बांटने और विरोध करने पर जानलेवा हमला करने के गंभीर आरोप लगाए। आरोप है कि वार्ड में वोट खरीदने के लिए पैसे बांटे जा रहे थे। जब आजाद उम्मीदवार और उनके समर्थकों ने इसका विरोध किया तो वहां कुछ लोगों ने खुलेआम फायरिंग कर दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में भारी रोष देखने को मिला। सूचना मिलते ही बठिंडा शहरी विधायक जगरुप सिंह गिल मौके पर पहुंचे। उन्होंने एसएसपी से फोन पर बात कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक फायरिंग की घटना के विरोध में आजाद उम्मीदवार, उनके समर्थकों और लोगों ने धरना देकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सत्ताधारी पार्टी के लोग खुलेआम गुंडागर्दी कर रहे हैं और पैसे के दम पर वोटों को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक फायरिंग में सत्ताधारी पार्टी का एक स्थानीय नेता भी मौके पर मौजूद था। विरोध बढ़ता देख वह अपने समर्थकों समेत गाड़ी में बैठकर वहां से भाग गया। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच कर रही है। चुनाव से ठीक पहले हुई इस घटना ने बठिंडा की राजनीति में बड़ा बवाल खड़ा कर दिया है। सिराज/ईएमएस 26मई26