राष्ट्रीय
26-May-2026


-राज्य की सभी राजनीतिक पार्टियों के साथ 7,555 उम्मीदवार चुनाव मैदान में चंडीगढ़,(ईएमएस)। पंजाब में 8 नगर निगमों, 76 नगर परिषदों और 21 नगर पंचायतों के चुनावों के लिए मतदान मंगलवार सुबह 8 बजे से शुरु हो गया। कड़ी सुरक्षा में पोलिंग बूथ पर मतदाता अपने वोट का इस्तेमाल करने पहुंच रहे हैं। इन चुनावों में राज्य की सभी राजनीतिक पार्टियों के साथ-साथ कुल 7,555 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। बरनाला नगर निगम चुनावों के लिए मंगलवार को 48 वार्डों में मतदान शुरू हुआ। शहर के 50 वार्डों में से 48 वार्डों में वोटिंग हो रही है, जबकि 2 वार्डों में उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए हैं। इस बार चुनाव ईवीएम की बजाय बैलेट पेपर से करवाए जा रहे हैं। 48 वार्डों में 95 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं, जहां 84,858 मतदाता 177 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक समराला में 15 में से 12 वार्ड के लिए वोटिंग जारी है। शहर के 3 वार्ड 1,4 और 12 में सभी विरोधी उम्मीदवारों के नॉमिनेशन कैंसिल होने से आप पार्टी के उम्मीदवार बिना चुनाव लड़े ही जीत चुके हैं। समराला में चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करने के लिए समराला के कुल 12 वार्ड में वोटिंग होगी, जहां 8,792 पुरुष वोटर, 8,372 महिला वोटर और तीन अन्य समेत कुल 17,167 वोटर चुनाव में हिस्सा लेंगे। नगर परिषद चुनाव के लिए शुरू हुई वोटिंग शांति और पारदर्शी तरीके से कराने इंतज़ाम किए हैं। चुनाव प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पोलिंग स्टेशनों और संवेदनशील जगहों पर सुरक्षाकर्मी भी तैनात किए गए हैं। इन चुनावों में कुल 7,555 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें ‘आप’ के 1,802 उम्मीदवार, कांग्रेस के 1,550, शिरोमणि अकाली दल के 1,251, बीजेपी के 1,316, बसपा के 96 और 1,528 निर्दलीय उम्मीदवार शामिल हैं, जबकि 13 उम्मीदवार अन्य पार्टियों से संबंध रखते हैं। इस संबंध में पंजाब सरकार ने 26 मई को सभी सरकारी दफ्तरों, शैक्षणिक संस्थानों और अदालतों में छुट्टी घोषित की है। वहीं पंजीकृत दुकानों और व्यावसायिक संस्थानों में काम करने वाले कर्मचारियों को वोट डालने करने के लिए विशेष छूट दी गई है। सिराज/ईएमएस 26मई26