क्षेत्रीय
26-May-2026
...


- आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन - बिजली आपूर्ति बहाली के बाद आवागमन शुरू पाकुड़ (ईएमएस)। पाकुड़ जिले के महेशपुर प्रखंड के बड़कियारी गांव में लगातार तीन दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित रहने के विरोध में ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज ग्रामीणों ने महेशपुर-मुक्त पाकुड़िया मुख्य सड़क को जाम कर दिया, जिससे करीब चार से पांच घंटे तक आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में बिजली की अनियमित आपूर्ति और लगातार लोड शेडिंग की समस्या बनी हुई है। बीते तीन दिनों से गांव में बिजली लगभग ठप थी, जिससे उमस भरी गर्मी के बीच लोगों का जीना मुश्किल हो गया था। सबसे अधिक परेशानी बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को उठानी पड़ रही थी। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली नहीं रहने के कारण रात में नींद पूरी नहीं हो रही थी और दिन में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्होंने कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकला। इससे नाराज होकर ग्रामीण सड़क पर उतर आए और विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। जाम की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रवि शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। बाद में बिजली विभाग के अधिकारी और कर्मी भी घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों और विभागीय अधिकारियों के बीच लंबी बातचीत के बाद बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। बिजली चालू होने के बाद ग्रामीणों ने करीब पांच घंटे बाद सड़क जाम समाप्त कर दिया। हालांकि उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वे दोबारा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों ने नियमित और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। - ईएमएस 26 मई 2026