क्षेत्रीय
26-May-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ा अभियान छेड़ते हुए रेत, मिट्टी और मुरूम के अवैध कारोबार पर एक साथ कई इलाकों में दबिश दी। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश और उप संचालक खनिज किशोर गोलघाटे के मार्गदर्शन में चलाए गए विशेष अभियान में 23 वाहनों को जब्त किया गया। कार्रवाई के दौरान 2 जेसीबी मशीन, 8 हाइवा और 13 ट्रैक्टर-ट्रॉली खनिज विभाग की कार्रवाई की जद में आए। अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ जिले में यह अब तक की बड़ी संयुक्त कार्रवाइयों में मानी जा रही है। कई इलाकों में एक साथ दबिश, माफियाओं में हडक़ंप खनिज विभाग, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने तेंदुआ, कोटा, चौरसढ़ी, कछार, लोफंदी, सेंदरी, निरतु, लखराम, गढ़वत, खैरखुंडी, लोखंडी, तुर्काडीह और सकरी समेत कई क्षेत्रों में एक साथ जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान तेंदुआ और कोटा क्षेत्र में अवैध रूप से रेत परिवहन करते 4 हाइवा और 3 ट्रैक्टर पकड़े गए। वहीं कोटा क्षेत्र में मिट्टी का अवैध उत्खनन करते हुए 1 जेसीबी और 1 ट्रैक्टर जब्त किया गया। चौरसढ़ी क्षेत्र में मुरूम उत्खनन करते 1 जेसीबी और 1 हाइवा पर कार्रवाई हुई, जबकि लोखंडी क्षेत्र में रेत परिवहन करते 1 हाइवा और उत्खनन करते 1 ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी गई। सकरी में कार्रवाई, गिट्टी डस्ट,मिट्टी परिवहन पकड़ा गया सकरी क्षेत्र में गिट्टी डस्ट का अवैध परिवहन करते 2 हाइवा और मिट्टी-ईंट परिवहन करते 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए गए। इसके अलावा कछार और सेंदरी क्षेत्र में रेत उत्खनन करते 4 ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी गईं, जबकि सेलर और गढ़वत क्षेत्र में अवैध उत्खनन एवं परिवहन करते 2 अन्य ट्रैक्टर-ट्रॉली पर कार्रवाई की गई। थानों में खड़े किए गए जब्त वाहन उप संचालक खनिज किशोर गोलघाटे ने बताया कि सभी जब्त वाहनों के खिलाफ खान एवं खनिज अधिनियम 1957 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। जब्त वाहनों को कोनी, कोटा, रतनपुर और सकरी थाना परिसरों में सुरक्षित रखा गया है। प्रशासन ने साफ संकेत दिए हैं कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। - 26 मई 2026