बिलासपुर (ईएमएस)। अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच चकरभाठा पुलिस ने ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए शराब सप्लाई कर रहे एक कोचिये को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 60 पाव देशी प्लेन शराब और परिवहन में इस्तेमाल एक्टिवा वाहन जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गेंद राम कौशिक के रूप में हुई है, जो ग्राम बोडसरा थाना हिर्री क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है। ट्रांसपोर्ट नगर गेट नंबर-2 के पास पुलिस की दबिश चकरभाठा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति एक्टिवा वाहन में भारी मात्रा में शराब लेकर बिक्री करने चकरभाठा की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ट्रांसपोर्ट नगर गेट नंबर-2 के पास घेराबंदी की। कुछ देर बाद संदिग्ध एक्टिवा वाहन क्रमांक सीजी 10 बीजेड 2608 को रोककर तलाशी ली गई। जांच में वाहन में रखे नीले रंग के राजश्री लिखे थैले से 60 पाव देशी प्लेन शराब बरामद हुई। जब्त शराब की कुल मात्रा 10.800 लीटर और कीमत करीब 4 हजार 800 रुपए बताई गई है। शराब बिक्री के लिए ले जाना कबूला पूछताछ में आरोपी ने शराब को बिक्री के उद्देश्य से ले जाना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) और 47 के तहत कार्रवाई की। पुलिस ने शराब के साथ एक्टिवा वाहन भी जब्त कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। चकरभाठा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब, नशा और अन्य आपराधिक गतिविधियों की सूचना तुरंत स्थानीय थाना या डायल 112 पर दें, ताकि ऐसे कारोबारियों पर लगातार कार्रवाई की जा सके। मनोज राज 26 मई 2026