क्षेत्रीय
26-May-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। डॉ. सी. वी. रमन विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर विश्वविद्यालय और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। तकनीकी कौशल, खेल और न्यायिक सेवा में मिली इन सफलताओं ने संस्थान की गुणवत्ता आधारित शिक्षा और समग्र विकास की सोच को नई पहचान दी है। सीआईआई वर्कस्किल्स प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के छात्र ओबैस अकील और किशन पंडित ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वर्ष 2025 में कोलकाता में आयोजित सीआईआई ईस्टर्न रीजन वर्कस्किल्स प्रतियोगिता में ओबैस अकील ने प्रथम तथा किशन पंडित ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इस सफलता के आधार पर दोनों छात्रों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिला। इसके बाद नई दिल्ली में 20 से 22 मई तक आयोजित 36वीं सीआईआई नेशनल वर्कस्किल्स प्रतियोगिता में किशन पंडित ने वेब डिजाइन श्रेणी में प्रथम रनर-अप बनकर राष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया। खेल क्षेत्र में भी विश्वविद्यालय के छात्रों ने अपनी प्रतिभा दिखाई है। शारीरिक शिक्षा विभाग के छात्र आदित्य यादव का चयन छत्तीसगढ़ की संभावित रणजी ट्रॉफी टीम में हुआ है। उनका प्रशिक्षण शिविर 25 मई से रायपुर में आयोजित किया जा रहा है। वहीं, विधि विभाग की छात्रा रिद्धि गुप्ता ने न्यायिक सेवा परीक्षा में सफलता हासिल करते हुए महाराष्ट्र में सिविल जज के पद पर नियुक्ति प्राप्त की है। उन्होंने परीक्षा में 20वीं रैंक हासिल की। गौरेला निवासी रिद्धि की इस उपलब्धि को उनकी मेहनत, समर्पण और दृढ़ संकल्प का परिणाम माना जा रहा है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर प्रदीप कुमार घोष ने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता उनके कठिन परिश्रम और संस्थान द्वारा प्रदान किए जा रहे कौशल आधारित प्रशिक्षण का परिणाम है। कुलसचिव डॉ. अरविंद तिवारी ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर और सक्षम बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। वहीं, सम कुलपति डॉ. ज्योति ने इन उपलब्धियों को गुणवत्तापूर्ण मेंटरिंग और प्रतियोगिता आधारित प्रशिक्षण का प्रमाण बताया। विश्वविद्यालय प्रबंधन ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां अन्य छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत बनेंगी। - 26 मई 2026