कांकेर(ईएमएस)। जिले के रहरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जामगांव गांव में घरेलू विवाद के चलते एक महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपने पति और उसकी दूसरी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। जानकारी के अनुसार, कोंडागांव निवासी उषा रजक (35) का विवाह वर्ष 2010 में जामगांव निवासी लोकेश रजक से हुआ था। दंपति के दो बच्चे भी हैं। महिला का आरोप है कि वर्ष 2021 में उसके पति ने गांव की ही एक महिला जागेश्वरी को दूसरी पत्नी बनाकर घर में रख लिया था, जिसके बाद से लगातार पारिवारिक विवाद बढ़ता गया। पीड़िता ने बताया कि विवादों के चलते उसने गांव में पंचायत बैठक कर अपने हिस्से का मकान अलग करवा लिया था और कुछ समय के लिए अपने बच्चों के साथ मायके चली गई थी। मई 2026 में जब वह वापस जामगांव लौटी तो उसे पता चला कि उसके हिस्से के मकान पर पति और सौतन ने कब्जा कर लिया है। महिला का आरोप है कि जब उसने मकान खाली करने को कहा तो दोनों ने जून में खाली करने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में भी कब्जा नहीं हटाया गया। महिला ने बताया कि वह दोबारा अपने घर पहुंची तो वहां दोनों मौजूद थे और मकान खाली नहीं किया गया था। इस पर जब उसने विरोध जताया तो कथित तौर पर उसके पति ने उसके साथ मारपीट की। घटना के बाद पीड़िता ने गांव के लोगों को जानकारी दी और फिर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। ईएमएस(राकेश गुप्ता)10 जून 2026