- अब स्थानीय स्तर पर मिलेगी डायलिसिस सुविधा, हेल्थ एटीएम से होगी 102 प्रकार की स्वास्थ्य जांच राजगढ़(ईएमएस)l प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कौशल विकास एवं रोजगार विभाग गौतम टेटवाल ने मंगलवार को सिविल अस्पताल सारंगपुर में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत अत्याधुनिक डायलिसिस यूनिट एवं हेल्थ एटीएम सेवा का शुभारंभ किया। यह पहल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वास्थ्य क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं के विस्तार के विजन तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में साकार हुई है। इस अवसर पर राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री टेटवाल ने कहा कि सारंगपुर क्षेत्र के किडनी रोगियों को अब डायलिसिस के लिए इंदौर, भोपाल, उज्जैन अथवा अन्य बड़े शहरों की ओर नहीं जाना पड़ेगा। सिविल अस्पताल में शुरू हुई डायलिसिस यूनिट से मरीजों को अपने ही क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित एवं सुलभ उपचार मिल सकेगा, जिससे समय और आर्थिक संसाधनों की बचत होगी। विशेषज्ञों के अनुसार डायलिसिस मशीन किडनी की कार्यक्षमता प्रभावित होने पर रक्त से विषैले तत्वों, अतिरिक्त पानी एवं अपशिष्ट पदार्थों को निकालने का कार्य करती है। यह मशीन मरीज के रक्त को विशेष फिल्टर (डायलाइजर) से गुजारकर उसे शुद्ध करती है और पुनः शरीर में प्रवाहित करती है। इससे किडनी रोगियों को जीवनरक्षक उपचार उपलब्ध होता है तथा उनकी जीवन गुणवत्ता में सुधार आता है। - हेल्थ एटीएम से मिलेगी त्वरित जांच सुविधा सिविल अस्पताल में स्थापित हेल्थ एटीएम आधुनिक डिजिटल स्वास्थ्य तकनीक से लैस है। इसके माध्यम से नागरिकों को 102 प्रकार की स्वास्थ्य जांचें एक ही स्थान पर कुछ ही मिनटों में उपलब्ध होंगी। हेल्थ एटीएम से रक्तचाप, ब्लड शुगर, ऑक्सीजन सैचुरेशन, ईसीजी, तापमान, वजन, बीएमआई, हीमोग्लोबिन सहित अनेक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य मानकों की जांच की जा सकेगी। जांच रिपोर्ट डिजिटल रूप में तत्काल प्राप्त होगी, जिससे रोगों की प्रारंभिक पहचान एवं समय पर उपचार सुनिश्चित हो सकेगा। -निखिल/राजगढ़/26/5/2026