26-May-2026
...


पटना, (ईएमएस)। बेगूसराय के बछवाड़ा में नाबालिग बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म की जांच के लिए राजद की सात सदस्यीय जांच समित घटनास्थल पर जाएगी। इस बात की जानकारी देते हुए बिहार प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल के प्रवक्ता एजाज अहमद ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल को संबोधित आवेदन पत्र में जिलाध्यक्ष, बेगूसराय ने बछवाड़ा थाना काण्ड संख्या 139/26, दिनांक 02.05.2026 एवं बछवाड़ा थाना काण्ड संख्या 144/26 का उल्लेख किया गया है। बछवाड़ा थाना काण्ड संख्या 139/26 के बारे में बताया गया है कि बछवाड़ा प्रखंड/थाना के ग्राम भीखमचक की चार वर्षीया नाबालिग बच्ची के साथ घृणित दुष्कर्म किया गया। किन्तु अभी तक पीड़िता एवं पीड़िता के परिवार को न्याय प्राप्त नहीं मिला है। अबोध एवं अवयस्क बालिका के साथ आए दिन बलात्कार की घटनाओं की खबरें सामने आती है। और इस तरह की घटनाओं से प्रतीत होता है कि समाज में निर्दयता और क्रूरता बढ़ती जा रही है। पुलिस की इस नकारापन और नकारात्मक भूमिका पर चारों तरफ और दिशाओं से ऊँगलियां उठ रही है। साथ ही समाज में भय और दहशत दिनोनुदिन बढ़ती जा रही है। इसी प्रकार बछवाड़ा थाना काण्ड संख्या 144/26 के बारे में कहा गया है कि बछवाड़ा थानान्तर्गत अरवा पंचायत के 12 वर्षीय छात्र की विद्यालय परिवार के प्रबंधन की लापरवाही के कारण लोहे की ग्रिल से दबकर दर्दनाक मौत हो गई। किन्तु इस मामले में न तो विद्यालय प्रशासन और न पुलिस के द्वारा ही सक्षम और प्रभावकारी कार्रवाई की गई है। एजाज अहमद ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने उक्त दोनों काण्डों से संबंधित मामले की गहन जांच करने के लिए सात सदस्यीय जांच समिति राजद की प्रदेश प्रवक्ता सह विधान पार्षद डॉ.उर्मिला ठाकुर के संयोजकत्व में गठित किया है, जो इस प्रकार है- अनीता भारती, प्रदेश अध्यक्ष, महिला राजद ,सदस्य, मीना राय, अध्यक्ष, पटना महानगर, महिला राजद, सदस्य, सुनीता कुशवाहा, प्रदेश उपाध्यक्ष, महिला राजद,सदस्य सुचित्रा चौधरी, जिलाध्यक्ष, वैशाली जिला इकाई, राजद, सदस्य कुमार रूपेश यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष, पंचायती राज प्रकोष्ठ, सदस्य, मोहित यादव, जिलाध्यक्ष, बेगूसराय जिला इकाई, राजद,सदस्य बनाए गए हैं। इस जांच समिति से अपेक्षा की जाती है कि घटना स्थल का दौरा कर तथा पीड़ित परिवारों से मिलकर पूरे तथ्यों से तथा पुलिस के द्वारा अब तक इस संबंध में की गई कार्रवाई की अद्यतन स्थिति को दर्षाते हुए एक तथ्यात्मक प्रतिवेदन राष्ट्रीय जनता दल के राज्य मुख्यालय, पटना को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे। संतोष झा- २६ मई/२०२६/ईएमएस