26-May-2026
...


टीटी नगर में बजा सायरन, ब्लैकआउट, दिखाया रेस्क्यू; भोपाल (ईएमएस) । राजधानी के टीटी नगर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी परिसर में आपदा प्रबंधन टीम ने रात लगभग 8 बजे मॉकड्रिल किया। इसमें एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और सिविल डिफेंस समेत कई एजेंसियों ने भाग लिया। युद्ध जैसी आपात स्थिति में लोगों को कैसे सुरक्षित निकालना है और किन सावधानियों का पालन करना है, इसका प्रदर्शन किया गया। रात्रि लगभग 8 बजे सायरन बजाकर ब्लैकआउट की स्थिति बनाई गई। तथा लोगों को बताया गया कि इस प्रकार की परिस्थिति में घबराने के बजाय क्या कदम उठाने चाहिए और किस तरह खुद को सुरक्षित रखना चाहिए। मॉकड्रिल के दौरान अभ्यास के तौर पर चौथी मंजिल से लोगों को सुरक्षित नीचे उतारा गया। राहत और बचाव दल ने घायल लोगों को बाहर निकालने का प्रदर्शन भी किया। अभ्यास के दौरान आग लगने की काल्पनिक सूचना पर फायर टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने की प्रक्रिया दिखाई। घायल लोगों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने का भी अभ्यास किया गया। अभ्यास का मुख्य उद्देश्य आपात स्थिति में अलग-अलग एजेंसियों के बीच समन्वय और प्रतिक्रिया क्षमता को मजबूत करना था। एसडीएम ने बताया कि आपात स्थिति के समय हम अपनी सुरक्षा किस तरह से करें, इसके बारे में लोगों को जागरुक करने के लिए ये मॉकड्रिल कराई गईआ। सबसे पहले सोसाइटी में ब्लैकआउट किया गया। जुनेद/26 मई2026