नई दिल्ली (ईएमएस)। उत्तर भारत इस समय भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहा है। उत्तर प्रदेश का बांदा जिला सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में शामिल हो गया है, जहां तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। लगातार बढ़ती गर्मी ने लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, पंजाब और मध्य भारत के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक तेज लू चलने की संभावना है। बांदा समेत बुंदेलखंड क्षेत्र में हालात सबसे ज्यादा गंभीर बताए जा रहे हैं। कई इलाकों में तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री अधिक रिकॉर्ड किया गया है। भीषण गर्मी के कारण सड़कों पर दोपहर में सन्नाटा पसरा दिखाई दे रहा है। बांदा में सुबह 11 बजे के बाद बाजार खाली होने लगते हैं और लोग घरों में रहने को मजबूर हैं। अस्पतालों में भी उल्टी, चक्कर, बुखार और डिहाइड्रेशन के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। डॉक्टरों ने लोगों को दोपहर में बाहर न निकलने और ज्यादा से ज्यादा पानी पीने की सलाह दी है। प्रशासन ने कई जिलों में अलर्ट जारी कर स्कूलों के समय में बदलाव किया है। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर पानी की व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं को अलर्ट मोड पर रखा गया है। मौसम विभाग का कहना है कि मई के अंत तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। सुबोध/२६ -०५-२०२६