मुंबई,(ईएमएस)। दहिसर स्थित ‘समुद्र’ ऑर्केस्ट्रा बार पर पुलिस की छापेमारी के बाद हिरासत में लिए गए 64 ग्राहकों को अदालत ने राहत देते हुए रिहा करने का आदेश दिया है। पुलिस ने नियमों के उल्लंघन की शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए बार के 8 कर्मचारियों और दर्जनों ग्राहकों को हिरासत में लिया था। यहां मामले की सुनवाई के दौरान बोरीवली कोर्ट ने पूछा कि केवल बार में मौजूद होने के आधार पर ग्राहकों को हिरासत में क्यों लिया गया? पुलिस का आरोप था कि बार निर्धारित समय सीमा से अधिक संचालित किया जा रहा था और अन्य नियमों का भी उल्लंघन हो रहा था। छापेमारी के दौरान कुछ बार डांसरों को भी वहां से बाहर निकाला गया। सभी को दहिसर पुलिस स्टेशन ले जाया गया और बाद में अदालत में पेश किया गया। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने स्पष्ट किया कि किसी स्थान पर मौजूद होना अपने आप में अपराध नहीं माना जा सकता। अदालत ने ग्राहकों को नोटिस देकर तत्काल रिहा करने का निर्देश दिया, जबकि बार प्रबंधन और कर्मचारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी रखने को कहा गया है। इस फैसले ने पुलिस कार्रवाई के दायरे और नागरिक अधिकारों को लेकर नई बहस छेड़ दी है। हिदायत/ईएमएस 10जून26